गुवाहाटी से मुंबई निकले शिंदे, उद्धव बोले- मैंने CM हाउस छोड़ा है, पद नहीं

चौथे दिन महाराष्ट्र की सियासी लड़ाई आर-पार के मूड में आ गई है। मातोश्री में एक मीटिंग के दौरान शिवसेना चीफ उद्धव ने कहा कि ठाकरे का नाम लिए बिना ये लोग नहीं रह सकते हैं। कभी शिवसेना के लिए मरने की बात कहते थे, अब पार्टी तोड़ना चाहते हैं। मैंने CM हाउस छोड़ा है, मुख्यमंत्री का पद नहीं। इधर, बागी नेता एकनाथ शिंदे गुवाहाटी से मुंबई के लिए निकले गए हैं।

गुवाहाटी से मुंबई निकले शिंदे, उद्धव बोले- मैंने CM हाउस छोड़ा है, पद नहीं
सूत्रों के मुताबिक शिंदे मुंबई आकर डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल से मुलाकात कर सकते हैं। शिंदे विधायकों के समर्थन वाला लेटर भी जिरवाल को सौंप सकते हैं।

24 जून 22।  चौथे दिन महाराष्ट्र की सियासी लड़ाई आर-पार के मूड में आ गई है। शतरंज की बिसात पर चालें चलीं जा रहीं हैं। आरोप- प्रत्यारोप के साथ सभी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे और संजय राउत के बयान महाराष्ट्र की राजनीति को गर्म किए हुए हैं। आने वाले कुछ दिन महाराष्ट्र की राजनीति की ओर सभी का ध्यान आकर्षित किए रहेंगे।
शिंदे गुट के 2 निर्दलीय विधायक महेश बलदी और विनोद अग्रवाल ने डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल को हटाने के लिए नोटिस दिया है। नरहरी पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने बिना सलाह लिए अजय चौधरी को शिवसेना विधायक दल का नेता चुन लिया।

सूत्रों के मुताबिक शिंदे मुंबई आकर डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल से मुलाकात कर सकते हैं। शिंदे विधायकों के समर्थन वाला लेटर भी जिरवाल को सौंप सकते हैं। वहीं उद्धव सरकार ने बागी 40 विधायकों के PSO (निजी सचिव अधिकारी, कमांडो और कांस्टेबल) के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दिया है। साथ ही शिवसेना ने 4 और विधायकों को अयोग्य ठहराने की चिट्ठी विधानसभा के डिप्टी स्पीकर को भेजी है। शिवसेना ने गुरुवार को 12 विधायकों को अयोग्य ठहराने की चिट्ठी पहले ही लिख चुकी है। शिवसेना की लीगल टीम भी विधानसभा पहुंची है।

उधर शिवसेना के विधायकों का मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे कैंप को ज्वाइन करने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह खबर आई है कि मुंबई से दो और शिवसेना विधायक दिलीप लांडे और भास्कर जाधव गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल ने एकनाथ शिंदे को हटाकर अजय चौधरी को शिवसेना विधायक दल का नेता चुना है।

भाजपा ने लिखा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को लेटर
भाजपा ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पत्र लिखा है। पत्र में सियासी हलचल पर राज्यपाल से हस्तक्षेप और सरकार की ओर से लगातार लिए जा रहे फैसले पर हस्तक्षेप करने की मांग की गई है। पत्र में आगे कहा गया है- 160 से अधिक के सरकारी आदेश 48 घंटे के भीतर जारी किए गए हैं। विकास परियोजनाओं की आड़ में हो रही इस तरह की घटना संदेह पैदा कर रही है।

शिंदे को अब तक 14 निर्दलीय विधायकों का समर्थन
शिंदे कैंप को अब तक 14 निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिल चुका है। 5 निर्दलीय विधायक गुरुवार देर रात मुंबई से सूरत पहुंचे और गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, 9 निर्दलीय विधायक राजकुमार पटेल, चंद्रकांत पाटिल, नरेंद्र भोंडेकर, किशोर जोर्गेवार, मंजुला गावित, विनोद अग्रवाल, गीता जैन, बच्चू कडू और राजेंद्र यडरावकर पहले से ही गुवाहाटी में मौजूद हैं।

शिंदे ने डिप्टी स्पीकर को 37 विधायकों के हस्ताक्षर वाली चिट्ठी भेजी
महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे ने खुद को विधायक दल का नेता घोषित कर दिया है। उन्होंने डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल को एक चिट्ठी भेजी है, जिसमें उनके समर्थन में 37 विधायकों के हस्ताक्षर हैं।

संजय राउत की चेतावनी में कितना दम
शिवसेना के सांसद संजय राउत भले ही तमाम बागी विधायकों को चेतावनी दे रहे हों। लेकिन उनकी चेतावनी और रिक्वेस्ट दोनों का असर बागियों की सेहत पर होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। एक तरफ मौजूदा समय में जहां एकनाथ शिंदे ने 50 से भी ज्यादा विधायकों के समर्थन का दावा किया है। वहीं दूसरी तरफ अब उनके उनके गढ़ ठाणे जिले के 60 पार्षदों ने भी बागी गुट को अपना समर्थन देने का मन बनाया है, ऐसे में जिस ठाणे शहर में बीते 30 सालों से शिवसेना का झंडा लहरा रहा था। अब वह किला भी उद्धव ठाकरे के हाथ से सरकता हुआ नजर आ रहा है।