स्वामी अग्निवेश का हार्ट अटैक से निधन, लंबे समय से बीमार भी चल रहे थे

स्वामी अग्निवेश का हार्ट अटैक से निधन, लंबे समय से बीमार भी चल रहे थे

पॉलिटिशन और सोशल एक्टिविस्ट स्वामी अग्निवेश का शुक्रवार शाम दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने शाम 6.55 बजे अंतिम सांस ली। स्वामी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बॉयलरी साइंसेज (आईएलबीएस) में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रबंधन ने गुरुवार को बताया था कि मल्टी ऑर्गन फेल होने से स्वामी की हालत में गिरावट आई है। इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। डॉक्टरों के मुताबिक स्वामी लिवर की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें लिवर प्रत्यर्पण की सलाह दी गई थी।

स्वामी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी
स्वामी अग्निवेश ने 1970 में आर्य सभा पार्टी बनाई थी। 1977 में उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। वे हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। स्वामी अग्निवेश 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में भी शामिल रहे थे। हालांकि बाद में वे इससे दूर हो गए थे। इसके अलावा उन्होंने पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस में भी बतौर प्रतिभागी हिस्सा लिया था।