गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राजा पटेरिया पर बढ़ाईं धाराएं, कांग्रेस ने दिया शोकाज नोटिस

कांग्रेस पार्टी भी पटेरिया के खिलाफ बड़ा एक्शन ले सकती है व इस पूरे मामले में जवाब मांगा है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राजा पटेरिया पर बढ़ाईं धाराएं, कांग्रेस ने दिया शोकाज नोटिस

भोपाल। पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक बयान देने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया पर दो धाराएं और लगा दी गई हैं। उन पर धारा 115 और 117 बढ़ाई गई हैं। ये धाराएं जनता को उकसाने के आरोप में लगाई गई हैं। पटेरिया की गिरफ्तारी के बाद सियासी पारा उछाल पर है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने राजा पटेरिया को शोकॉज नोटिस जारी किया है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राजा पटेरिया पर लगी आधा दर्जन धाराओं के अलावा दो नई धाराओं को बढ़ाया गया है। जनता को उकसाने के मामले में राजा पटेरिया पर धारा 115 और 117 बढ़ाई गई हैं। दमोह के हटा से राजा पटेरिया की गिरफ्तारी हुई है।

नरोत्तम मिश्रा ने पीएम मोदी की हत्या का बयान देने वाले राजा पटेरिया के मामले में कांग्रेस हाईकमान एक खामोशी पर भी सवाल उठाए हैं। गृहमंत्री ने कहा कि इतने गंभीर मामले में कांग्रेस आलाकमान मौन है। कमलनाथ कोई टिप्पणी करते, राजा पटेरिया को पार्टी से निकाल देते तो अच्छा होता, लेकिन पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं सोनिया गांधी सभी ने चुप्पी साध ली है। कल से मचे सियासी हड़कंप के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राजा पटेरिया को शो कॉज नोटिस जारी करने की बात कही है। कमलनाथ ने कहा कि इस तरह के बयान की निंदा करता हूं। मामला कोर्ट में है, कोर्ट जो फैसला लेगी वह सभी को मानना होगा। कांग्रेस पार्टी ने पटेरिया को शो कॉज नोटिस जारी किया है और पूरे मामले में जवाब मांगा है।