सावरकर के ख़िलाफ़ टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर मानहानि का केस दर्ज

सावरकर के ख़िलाफ़ टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर मानहानि का केस दर्ज
राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को अकोला जिले के वाडेगांव में एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था कि सावरकर ने ब्रिटिश शासकों की मदद की और डर की वजह से दया याचिका लिखी तथा इस तरह उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार पटेल, जवाहरलाल नेहरू और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े अन्य नेताओं के साथ विश्वासघात किया।

19 नवंबर 22। महाराष्ट्र के ठाणे शहर की पुलिस ने हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर के खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ 17 नवंबर को ठाणे नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

अधिकारी ने कहा, ‘महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट की कार्यकर्ता वंदना डोंगरे द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सावरकर के खिलाफ अपने अपमानजनक बयानों से नागरिकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।’

उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 500 (मानहानि) और 501 (मानहानिकारक चीज छापने या उकेरने) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ वर्तमान में महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है।

राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को अकोला जिले के वाडेगांव में एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था कि सावरकर ने ब्रिटिश शासकों की मदद की और डर की वजह से दया याचिका लिखी तथा इस तरह उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार पटेल, जवाहरलाल नेहरू और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े अन्य नेताओं के साथ विश्वासघात किया।

इससे दो दिन पहले राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के तहत वाशिम जिले में एक रैली को संबोधित किया था और इसमें उन्होंने सावरकर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का प्रतीक बताया था।
राहुल गांधी की इन्हीं टिप्पणियों ने महाराष्ट्र की राजनीति में उफान ला दिया है।