भगोड़ा विजय माल्या पर लंदन में भी संकट: आलीशान घर से हो सकता बेदखल

लंदन हाई कोर्ट ने दिया फैसला, जज मैथ्यू मार्श ने कहा- बकाया लौटाने के लिए नहीं मिलेगा और समय

भगोड़ा विजय माल्या पर लंदन में भी संकट: आलीशान घर से हो सकता बेदखल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लंदन में निर्वासित जीवन काट रहा भारत का भगोड़ा बिजनेसमैन विजय माल्या पर एक नई मुसीबत आने वाली है। अब लंदन में स्थित उसका आलीशान मकान खाली करना पड़ सकता है। घर को बचाने के लिए उसने कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने उसकी याचिका को खारिज कर दिया है। ज्ञात हो कि कर्ज नहीं चुकाने के कारण स्विस बैंक यूबीएस ने घर को खाली करने का नोटिस जारी किया था। लंदन के रीजेंट पार्क में 18/19 कॉर्नवाल टेरेस में माल्या का लक्जरी अपार्टमेंट है। इसमें वर्तमान में माल्या की 95 वर्षीय मां ललिता का कब्जा है। अदालत ने इस संपत्ति को लाखों पाउंड की असाधारण मूल्यवान संपत्ति बताया है। लंदन हाई कोर्ट के चांसरी डिविजन के न्यायाधीश मैथ्यू मार्श ने अपने फैसले में कहा कि माल्या परिवार को बकाया राशि के भुगतान के लिए अतिरिक्त समय देने का कोई आधार नहीं है. इसका मतलब है कि माल्या को इस संपत्ति से बेदखल किया जा सकता है। माल्या को इस स्विस बैंक को 2.04 करोड़ पाउंड का कर्ज लौटाना है।

भारतीय बैंकों से 9 हजार करोड़ रुपए लोन लेकर ब्रिटेन भाग गया माल्या
विजय माल्या मार्च 2016 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चला गया। उसने भारतीय बैंकों से 9,000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। उस पर हेराफेरी और धनशोधन का मामला दर्ज है। माल्या को यह कर्ज किंगफिशर एयरलाइंस के लिए कई बैंकों ने दिए थे। 65 साल का माल्या ब्रिटेन में अभी जमानत पर है।