लखनऊ के जानकी मंदिर आश्रम में साधकों ने साध्वी की लूटी इज्जत

लखनऊ के जानकी मंदिर आश्रम में साधकों ने साध्वी की लूटी इज्जत
राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में जानकी मंदिर आश्रम में साधकों ने साध्वी की इज्जत लूट ली। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

17 अक्टूबर 22। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर के जानकी मंदिर आश्रम में एक साध्वी को नशीला पदार्थ खिलाकर चार साधकों ने सामूहिक दुराचार किया। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। यह आरोप लगाते हुये साध्वी ने गोमतनगर थाने में चारों साधकों के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज करायी है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आश्रम के महंत से शिकायत करने पर उन्होंने आरोपितों का ही पक्ष लिया और कहा कि यहां रहना है तो यह सब सहना पड़ेगा। एडीसीपी पूर्वी का कहना है कि साध्वी के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जायेगी।

नशीला पदार्थ खिलाकर रेप किया गया

पीड़िता का आरोप है कि चार अक्टूबर को ही साधक दुर्वासा ने खाने में नशीला पदार्थ दे दिया था। आरोप है कि उसके बेसुध होने पर दुर्वासा के साथ छोटे मौनी, बड़े मौनी और मनमोहन दास ने दुराचार किया। देर रात होश में आने पर उसने खुद को निर्वस्त्र पाया। वहीं चारों आरोपित भी खड़े थे। उसने शोर मचाने की कोशिश की तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

आश्रम में रहना है तो सब कुछ सहना होगा

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने महंत हनुमान दास से इन चारों की शिकायत की तो उसकी नहीं सुनी गई। महंत ने आरोपितों का बचाव किया और कहा कि यहां रहना है तो सब सहना पड़ेगा। आरोपियों ने साध्वी को धमकी दी थी कि शिकायत करने पर हत्या करवा दी जाएगी। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चन्द्र मिश्र ने बताया कि चार अक्टूबर की घटना की अब रविवार को तहरीर मिली है। आरोपित आश्रम में नहीं मिले हैं। उनकी तलाश की जा रही है।