काशी में मोदी की देव दिवाली: पीएम बोले- कृषि कानूनों का झूठा डर दिखाकर फैलाया जा रहा भ्रम

मोदी ने प्रयागराज-वाराणसी 6 लेन हाइवे का उद्घाटन किया

काशी में मोदी की देव दिवाली: पीएम बोले- कृषि कानूनों का झूठा डर दिखाकर फैलाया जा रहा भ्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। उन्होंने प्रयागराज-वाराणसी 6 लेन हाईवे का लोकार्पण किया। इसके बाद आमसभा में वे किसान आंदोलन पर बोले। मोदी ने कहा कि एमएसपी और यूरिया के नाम पर छल करने वाले अब कृषि कानूनों पर झूठा डर दिखा रहे हैं, जो कभी होने वाला ही नहीं है, उसे लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। नए कृषि कानूनों को लेकर मोदी ने कहा कि अगर कोई पुराने सिस्टम से ही लेनदेन को ठीक समझता है तो नए कानून में कहीं कोई रोक नहीं लगी। नया कानून किसानों के लिए फायदेमंद भी है। इसमें किसानों को और आजादी दी गई है।

मोदी ने देव दिवाली एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं
आप सभी को देव दिवाली और गुरु परब की शुभकामनाएं। आज काशी को आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का एक और उपहार मिल रहा है। इसका लाभ काशी के साथ ही प्रयागराज के लोगों को भी होगा। मुझे याद है 2013 में मेरी पहली जनसभा इसी मैदान पर हुई थी और तब यहां से गुजरने वाला हाईवे 4 लेन का था। बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद ये हाईवे 6 लेन का हो चुका है। पहले जो लोग हंडिया से राजातालाब आते-जाते थे, उन्हें मुश्किलों का पता है। 70 किमी का ये सफर अब आराम से होगा। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों और लोगों को जो परेशानी होती थी, वो भी खत्म हो जाएगी। इसका फायदा कुंभ के दौरान भी मिलेगा। आस्था से जुड़ी जगह हो या काम की, लोग आने-जाने से पहले यह देखते हैं वहां आना-जाना कितना आसान है। सुल्तानपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाले वाहन बिना शहर में घुसे इस हाईवे से गुजर सकेंगे। हाईवे के लोकार्पण के बाद मोदी हेलिकॉप्टर से डोमरी जाएंगे। फिर यहां से वे सड़क मार्ग से भगवान अवधूत राम घाट जाएंगे और अलकनंदा क्रूज पर सवार होकर ललिता घाट पहुचेंगे।

देव दिवाली पर 84 घाट दीपकों से रोशन होगा
देव दीपावली पर काशी के सभी 84 घाट दीपकों से रोशन होते हैं। हर साल लाखों लोग इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन कोरोना संकट के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या सीमित कर दी गई है। हर एक शख्स के लिए मास्क अनिवार्य है। पिछले साल यहां 10 लाख दीये जलाए गए थे। लेकिन इस बार दीपों की संख्या में 5 लाख की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। 20-25 घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस दौरान 16 घाटों पर उनसे जुड़ी कथा की बालू से कलाकृतियां बनाई गई हैं। जैन घाट के सामने भगवान जैन की आकृति, तुलसी घाट के सामने विश्व प्रसिद्ध नाग नथैया के कालिया नाग की आकृति और ललिता घाट के सामने मां अन्नपूर्णा देवी की आकृति भी बनाई गई है। देव दीपावली पर प्रधानमंत्री खुद भी दीपदान करेंगे। दशाश्वमेध घाट पर महाआरती के दौरान 21 बटुक और 42 कन्याएं आरती में शामिल होंगी। सुरक्षा के लिहाज से एक दिसंबर तक काशी में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।