देश के 16 राज्यों में 98 और एमपी, पंजाब व गुजरात सहित 8 राज्यों में 96 प्रतिशत से कम मरीज ठीक हुए

एक्टिव केस की संख्या में 2688 की कमी आई, अब कुल 2.22 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है

देश के 16 राज्यों में 98 और एमपी, पंजाब व गुजरात सहित 8 राज्यों में 96 प्रतिशत से कम मरीज ठीक हुए

देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 18 हजार 94 नए मरीज मिले। 20 हजार 532 ठीक हो गए और 233 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 2688 की कमी आई। अब कुल 2.22 लाख मरीज ही ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। 16 राज्यों में लगभग 98 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, सिक्किम और उत्तराखंड में यह दर देशभर में ठीक हुए मरीजों की दर (96.4 प्रतिशत) से कम है। देश में अब तक 1.04 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 36 हजार मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.50 लाख की मौत हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल को चिट्‌ठी लिखी है। उन्होंने इन राज्यों से अपने यहां कोरोना के मामलों पर काबू पाने के लिए कदम उठाने के लिए कहा है। इन राज्यों में हाल के दिनों में नए मामलों की संख्या में स्थायी गिरावट नहीं दिख रही है। देश के कुल एक्टिव केस में से 59 प्रतिशत यहीं हैं। इनमें सबसे ज्यादा केरल में लगभग 28.61 प्रतिशत मामले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 22.79 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 3.99 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 3.89 प्रतिशत केस हैं। इन राज्यों को सख्त निगरानी रखने और बढ़ते मामलों की जांच के लिए कदम उठाने की सलाह दी गई है।

कोरोना वैक्सीन का ट्रांसपोर्टेशन एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा
कोरोना वैक्सीन का ट्रांसपोर्टेशन एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा। केंद्र ने राज्यों से इसके लिए जल्द से जल्द तैयारी पूरी करने को कहा है। वैक्सीन का ट्रांसपोर्टेशन निजी विमानों के साथ ही वायुसेना के एयरक्राफ्ट सुपर हरक्यूलिस और एंटोनोव से किया जाएगा। आंध्र, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और बंगाल में वैक्सीन की सप्लाई होगी। अंडमान-निकोबार, अरुणाचल, चंडीगढ़, दादरा एवं नगर हवेली, दमन-दीव, गोवा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, लक्षद्वीप, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पुड्डुचेरी, सिक्किम, त्रिपुरा और उत्तराखंड को सरकारी डिपो से वैक्सीन मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि सप्लायर वैक्सीन को ऐसे कंटेनर में रखकर देने के इंतजाम कर रहे हैं, जिससे ट्रांसपोर्टेशन के दौरान वैक्सीन 24 घंटे तक सुरक्षित रखी जा सके। हालांकि, ज्यादातर ट्रांसपोर्टेशन कमर्शियल एयरलाइंस से ही किया जाएगा। वायुसेना के विमानों का इस्तेमाल अरुणाचल और लद्दाख जैसे रिमोट एयरफील्ड (जहां बाकी विमान नहीं पहुंच सकते) में किया जाएगा।

इन राज्यों में कोरोना के ये रहे हालात
दिल्ली में गुरुवार को 486 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 780 लोग ठीक हुए और 19 की मौत हो गई। अब तक 6.28 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.14 लाख लोग हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 644 मरीजों की मौत हो चुकी है। 4168 मरीजों का इलाज चल रहा है। मध्यप्रदेश में 774 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 750 लोग ठीक हुए और 12 की मौत हो गई। अब तक 2.46 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.34 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3682 की मौत हो चुकी है। 8528 मरीजों का इलाज चल रहा है। गुजरात में 667 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 899 लोग ठीक हुए और तीन की मौत हो गई। अब तक 2.49 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.37 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4332 मरीजों की मौत हो चुकी है। 8259 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। राजस्थान में 509 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 735 लोग ठीक हुए और चार की मौत हो गई। अब तक 3.11 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.01 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2727 मरीजों की मौत हो चुकी है। 7468 मरीजों का इलाज चल रहा है। महाराष्ट्र में 3729 नए कोरोना मरीज मिले। 3350 ठीक हुए और 72 की मौत हो गई। अब तक 19.58 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18.56 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 49 हजार 897 मरीजों की मौत हो चुकी है। 51 हजार 111 मरीजों का इलाज चल रहा है।