गजब : कक्षा तीन की छात्रा, नॉलेज के मामले में काट रही बड़े बडों के कान

गजब : कक्षा तीन की छात्रा, नॉलेज के मामले में काट रही बड़े बडों के कान
रिया को कबीर, तुलसीदास, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, सूरदास और प्रधानमंत्री मोदी का जीवन परिचय भी याद है। तीसरी क्लास में पढ़ाई करने वाली रिया इंटरमीडिएट तक की किताबें आसानी से पढ़ लेती है।

23 नवंबर 22।  यूपी के गोंडा कोतवाली देहात के सालपुर बाजार के रहने वाले रामधन की 8 साल की बेटी रिया की जानकारी किसी गूगल से कम नहीं है। रिया को विश्व के महाद्वीप, महासागर के नाम, विश्व भर के देश, उनकी राजधानी और मुद्राएं, भारत के राज्य और राजधानी मुंह जबानी याद हैं।

रिया को भारत के सभी जिले, भारत के सभी बड़े बंदरगाह, प्रमुख राष्ट्रीय उद्यान भारत में बहने वाली प्रमुख नदियां, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति के नाम बचपन से ही रटे हुए हैं। रिया भारत के पड़ोसी देश और सीमा रेखाओं की जानकारी भी रखती है। रिया को तुर्क वंश, गुलाम और मुगल वंश के सभी शासकों के नाम भी याद हैं।

संस्कृत में सबसे कठिन माने जाने वाले माहेश्वर सूत्र, शिव तांडव और गीता के तमाम श्लोक भी रिया ऐसे सुनाती है, मानों उसके सामने किताब रखी हो। इसलिए अब उसे लोग गूगल गर्ल कहने लगे हैं। लोगों को लगता है, जैसे रिया ने हर विषय में अभी से पीएचडी कर ली हो।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह का कहना है कि रिया जैसी प्रतिभा का परिषदीय स्कूल में होना बेसिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव की बात है। जल्द ही इस बच्ची से मुलाकात करूंगा और विभागीय स्तर से जो भी सुविधा होगी उसे उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि वह आगे बढ़ सके और अपने परिवार के साथ विभाग का नाम रोशन कर सके।