कोरोना का कहरः विश्व के 54 देशों में कोरोना की दूसरी लहर आई, 3 दिनों में एक्टिव केस बढ़े 

हर दिन 3 लाख मिल रहे संक्रमित, 14 लाख की हो चुकी है मौत 

कोरोना का कहरः विश्व के 54 देशों में कोरोना की दूसरी लहर आई, 3 दिनों में एक्टिव केस बढ़े 

विश्व के 54 देशों में कोरोना की दूसरी लहर आई और 3 दिनों में एक्टिव केस बढ़े। कोरोना मरीजों का आंकड़ा बुधवार को 6 करोड़ के पार हो गया। मरने वालों की संख्या भी 14 लाख से ज्यादा हो चुकी है। कोरोना की रफ्तार एक बार फिर से तेज हो गई है। सितंबर तक हर दिन औसतन 3 लाख मरीज मिल रहे थे, अब रोज 6 लाख से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। अमेरिका, ब्राजील, फ्रांस, रूस समेत 54 देशों में कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है। सबसे ज्यादा असर उत्तर अमेरिका, यूरोप और एशियाई देशों में दिख रहा है। भारत में भी दूसरी लहर की आहट दिखने लगी है। पिछले हफ्ते 3 दिन ऐसे थे, जब भारत में ठीक होने वालों से ज्यादा नए मरीज आए। मतलब इन 3 दिनों में एक्टिव केस की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके पहले लगातार 41 दिन एक्टिव केस घट रहे थे।

पहली लहर के मुकाबले दूसरी लहर में हालात बदतर
अमेरिका में कोरोना की पहली लहर का पीक 24 जुलाई को था। तब एक दिन में 79 हजार 440 नए मामले मिले थे। इस बार 20 नवंबर को एक दिन में ही 2 लाख 40 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिले। ब्राजील में पहली लहर के पीक में 70 हजार 896 केस एक दिन में मिले थे। इसके बाद हर दिन मिलने वाला ये आंकड़ा घटकर महज 8 हजार पर पहुंच गया था। अब इसमें फिर तेजी आई है। अब रोज 30 से 40 हजार नए मरीज मिल रहे हैं। रूस में पहली लहर के पीक में सबसे ज्यादा 11 हजार मरीज मिले थे। अब दूसरी लहर में एक दिन के अंदर 25 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। फ्रांस में पहली लहर के पीक में सबसे ज्यादा 5 हजार मरीज मिले थे। अब दूसरी लहर में एक दिन के अंदर 88 हजार से ज्यादा पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं।

अगले साल ही मिल पाएगी वैक्सीन
दुनियाभर में 100 से ज्यादा वैक्सीन पर काम चल रहा है। इनमें 5 प्रमुख वैक्सीन हैं। इन वैक्सीन के निर्माताओं ने दावा किया है कि ट्रायल के नतीजे भी अच्छे आए हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत के लिए सबसे बेहतर वैक्सीन ऑक्सफोर्डध्एस्ट्राजेनेका वैक्सीन (कोवीशील्ड) साबित हो सकती है। दो दिन पहले ही ऑक्सफोर्ड ने दावा किया है कि इस वैक्सीन को ट्रायल में 90 प्रतिशत असरदार पाया गया है। भारत सरकार के साथ मिलकर वैक्सीन प्रोडक्शन पर काम करने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा कि फरवरी के आखिरी हफ्ते तक इस वैक्सीन के 10 करोड़ डोज तैयार हो जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी अगले साल यानी 2021 के पहले तीन महीनों में वैक्सीन के आने की उम्मीद जताई है।