खुलासा : चीन और पाकिस्तान तेजी से बढ़ा रहे परमाणु हथियारों का जखीरा

रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान लगातार अपने परमाणु हथियारों की संख्या को न केवल बढ़ा रहा है, उसे उन्नत भी बना रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही देशों ने साल 2021 में परमाणु बम गिराने के नए सिस्टम को अपने जखीरे में शामिल किया है। पाकिस्तान के पास 165 परमाणु बम हैं जो भारत से 5 ज्यादा है। भारत ने पिछले साल के मुकाबले अपने जखीरे में 4 और परमाणु बम शामिल किए हैं।

खुलासा : चीन और पाकिस्तान तेजी से बढ़ा रहे परमाणु हथियारों का जखीरा
वैश्विक स्तर पर परमाणु हथियारों पर नजर रखने वाली संस्था सिप्री की ताजा रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। जिसके अनुसार चीन और पाकिस्तान तेजी से अपने परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा रहे हैं।

13 जून 22। रूस-यूक्रेन युद्ध, ताइवान और भारत को लेकर चीन की बढ़ती आक्रामकता के बीच दुनिया में कई दशकों के बाद पहली बार परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का खतरा बढ़ता जा रहा है। यही नहीं शीत युद्ध के बाद पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब आने वाले वर्षों में परमाणु हथियारों की संख्या दुनिया में बढ़ने जा रही है। वैश्विक स्तर पर परमाणु हथियारों पर नजर रखने वाली संस्था सिप्री की ताजा रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। इस बीच दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या 12,705 तक पहुंच गई है। इस रिपोर्ट में भारत के लिए भी चिंता की बात है क्योंकि चीन और पाकिस्तान तेजी से अपने परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा रहे हैं।
सिप्री ने कहा कि यूक्रेन पर रूस के हमले और कीव को पश्चिमी देशों की मदद ने दुनिया के 9 परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्रों के बीच तनाव काफी बढ़ गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी 2021 से जनवरी 2022 के बीच परमाणु हथियारों की कुल संख्या में जहां हल्की सी गिरावट आई है। हालांकि अब परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्रों ने कई सारे ऐसे कदम उठाए हैं जिससे आने वाले समय में कई दशकों के बाद पहली बार परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ने जा रही है।

सिप्री के डायरेक्टर विलफ्रेड वान ने कहा, 'दुनिया के सभी परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र या तो अपने एटम बमों की संख्या को बढ़ा रहे हैं, या फिर उन्हें अपग्रेड कर रहे हैं। इनमें से ज्यादातर अपनी परमाणु बयानबाजी और अपनी सैन्य रणनीति में एटम बमों की भूम‍िका को तेज कर रहे हैं। ' उन्होंने कहा, 'यह बहुत ही चिंताजनक ट्रेंड है।' इसमें कहा गया है कि यूक्रेन में हमला शुरू करने के 3 दिन बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने परमाणु बल को हाई अलर्ट कर दिया था।

वान ने चेतावनी दी कि रूस के रास्ते पर अगर और भी देश बढ़ते हैं तो इसके परिणाम इतने भयानक होंगे कि जैसाकि आपने अपने पूरे इतिहास में कभी नहीं देखा होगा। रूस दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु ताकत है और उसके जखीरे में कुल 5,977 परमाणु बम हैं। यह अमेरिका से 550 ज्यादा हैं। रूस और अमेरिका दोनों ही देशों के पास दुनिया के 90 फीसदी परमाणु हथियार हैं। इस रिपोर्ट में चीन को भी लेकर भी डराने वाली चेतावनी दी गई है। चीन अब तेजी से अपने परमाणु हथियारों की संख्या को बढ़ा रहा है।

ताजा अनुमानों के मुताबिक चीन 300 नए मिसाइल साइलो बना रहा है। जनवरी 2021 में परमाणु हथियारों की संख्या 13,080 थी जो अब घटकर 12,705 तक पहुंच गई है। अनुमान के मुताबिक परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्रों ने 3,732 वारहेड को मिसाइलों और एयरक्राफ्ट में तैनात कर रखा है। इसमें से 2000 के करीब रूस या अमेरिका के हैं। ये सभी परमाणु बम हाई अलर्ट पर रखे गए हैं जिनका कभी भी इस्तेमाल किया जा सकता है। सिप्री बोर्ड के चेयरमैन और स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन ने कहा कि दुनिया की महाशक्तियों के बीच संबंध लगातार पतन की राह पर हैं।