कोरोना का कहर: दिल्ली में कुल संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख के पार

एक दिन में 131 की मौत, हर दिन मिल रहे 6 हजार से अधिक एक्टिव मामले देश में 89.58 लाख केस आए, 50 हजार के नीचे बना हुआ है नए केस का आंकड़ा

कोरोना का कहर: दिल्ली में कुल संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख के पार

देश की राजधानी दिल्ली में लगातार कोरोना के एक्टिव केस बढ़ने से स्थिति बेहद चिंतनीय हैं। बीते 24 घंटे में यहां 7486 नए केस आए। 6901 मरीज ठीक हो गए और 131 मौतें हुईं। नवंबर के 18 दिनों में यहां 1.16 लाख केस आए हैं, यानी रोजाना औसतन छह हजार से अधिक। इस दौरान यहां 1381 लोगों की मौत हुई है। ये आंकड़े देश के अन्य राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों के मुकाबले सबसे ज्यादा हैं। दिल्ली में कुल संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख के पार हो गया है। केजरीवाल सरकार ने डॉक्टर्स और स्टाफ की कमी दूर करने के लिए कोविड-19 हॉस्पिटल्स में एमबीबीएस 4जी और 5जी ईयर स्टूडेंट्स, इंटर्न और बीडीएस डॉक्टर्स की ड्यूटी लगाने को मंजूरी दे दी है। इन्हें आठ घंटे की शिफ्ट में रोजाना 1000 रुपए और 12 घंटे की शिफ्ट में 2000 रुपए दिए जाएंगे। देश में बीते 24 घंटों में 45 हजार 369 केस आए, 48 हजार 675 मरीज ठीक हो गए और 586 की मौत हो गई। अब तक कुल 89.58 लाख केस आ चुके हैं। 83.81 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1.31 लाख संक्रमितों की मौत हो चुकी है। ये सभी आंकड़े covid19india-org से सभी आंकड़े प्राप्त हुए हैं।

यूपी में 23 नवंबर से खुलेंगी उच्च शिक्षण संस्थाएं
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में हायर एजुकेशनल इंस्टीट्यूट 23 नवंबर से खोलने का फैसला लिया है और आदेश भी जारी कर दिया गया है। हरियाणा के रोहतक पीजीआई के वाइस चांसलर ने बताया कि भारतीय कोरोना वैक्सीन कोवैक्सिन का थर्ड फेज ट्रायल 20 नवंबर से शुरू हो जाएगा। इसके लिए अभी तक 200 वॉलंटियर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने स्थानीय लोगों को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि वे दिल्ली-एनसीआर जैसी ज्यादा जोखिम वाली जगहों पर जाने से बचें। जाएं तो कोरोना की गाइडलाइन का पालन करें। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अफसरों को आदेश दिया है कि वे प्राइवेट अस्पतालों पर नजर रखें। देखें कि कोविड-19 मरीजों से तय फीस से ज्यादा न ली जाए। यूपी, बिहार और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा कोरोना के टेस्ट हुए।

एमपी, राजस्थान, महाराष्ट्र व यूपी में कारोना संक्रमण के ये रहे हालात
मध्यप्रदेश में बुधवार को 1209 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 918 लोग ठीक हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 86 हजार 655 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 9338 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 74 हजार 202 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3115 हो गई है। राजस्थान में 2178 लोग संक्रमित पाए गए, 1721 मरीज ठीक हुए और 12 की मौत हो गई। यहां अब तक 2 लाख 32 हजार 358 केस आ चुके हैं। इनमें से 2 लाख 10 हजार 779 लोग ठीक हो चुके हैं और 2101 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां 19 हजार 478 मरीजों का इलाज चल रहा है। महाराष्ट्र में 5011 संक्रमित मिले। 6608 मरीज ठीक हुए और 100 लोगों की मौत हो गई। अब तक 17 लाख 57 हजार 520 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 16 लाख 30 हजार 111 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 46 हजार 202 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 80 हजार 221 मरीजों का इलाज चल रहा है। उत्तरप्रदेश में 2346 नए मरीज मिले, 2529 ठीक हुए और 29 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 16 हजार 616 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21 हजार 954 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 87 हजार 221 लोग ठीक हो चुके हैं। मौत का कुल आंकड़ा 7441 हो गया है।