पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का बयान: सिंधिया के साथ नहीं होने के बाद भी ग्वालियर-चंबल में खड़ी हो गई कांग्रेस

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का बयान: सिंधिया के साथ नहीं होने के बाद भी ग्वालियर-चंबल में खड़ी हो गई कांग्रेस

प्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत (19 सीटें) मिली है, वहीं कांग्रेस ने चंबल में सेंधमारी करते हुए 9 सीटों पर जीत हासिल की है। हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लोग समझते थे सिंधिया के जाने के बाद पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन ग्वालियर-चंबल में नई कांग्रेस खड़ी हो गई है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उपचुनाव में नतीजे हमारे पक्ष में नहीं आए। इसका विश्लेषण होना चाहिए। लोग समझते थे कि सिंधिया के जाने के बाद कांग्रेस खत्म हो जाएगी, लेकिन ग्वालियर चंबल इलाके में नई कांग्रेस खड़ी हो गई है। मालवा निमाड़, बुंदेलखंड क्षेत्रों में भी नतीजा हमारे पक्ष में नहीं गया। कांग्रेसजन एक होकर लड़े, कहीं भी गुटबाजी की कोई शिकायत नहीं आई। सभी कांग्रेसियों को धन्यवाद जिन मतदाताओं ने हमें मत दिया उनके प्रति आभार। उन्होंने लिखा कि बीजेपी प्रतिशोध की कार्रवाई कर रही है। अब और ज्यादा करेगी। सिंह ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, एक होकर अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ाई लड़ना पड़ेगा। मार्ग चुनौतीपूर्ण है लेकिन कांग्रेस पार्टी संघर्ष में ही मजबूती के साथ खड़ी होती है। हमें यह समझना चाहिए कि चुनौती में अवसर मिलेगा। दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस पार्टी को नया स्वरूप देने के लिए आगे आने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के नेतृत्व में 15 महीने की सरकार में किसान कर्ज माफी हुई है। जनहित के फैसलों का पालन कराने के लिए कांग्रेसियों को संघर्ष करना होगा।