ग्वालियर में किसान सम्मेलनः केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले-किसानों को गुमराह कर रहे हैं विपक्षी दल

दिल्ली में किसान आंदोलन की सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने ग्वालियर के फूलबाग मैदान में बुधवार को किसान सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य मौजूद थे। इस सम्मेलन में नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कृषि कानून को लेकर विपक्षी दल किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इस कोशिश में वह सफल नहीं हो पाएंगे। किसानों के साथ बातचीत कर जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।

                                  

                                 

                                 


इस मौके पर राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का कहना था कि देश में सत्तर साल बाद किसानों को असली आर्थिक आजादी मिली है। इससे सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के किसानों में नई क्रांति आएगी। वहीं इस दौरान लाल सिंह आर्य ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और बसपा को अपनी दुकानें बंद होने का खतरा लग रहा है। इसलिए ये दल किसानों को भड़का रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी ने किसान हित में जाे निर्णय लिए हैं, वह काेई नहीं ले सकता है।