पोलैंड पर मिसाइल हमला, दो मृत, तीसरे विश्वयुद्ध की आशंका से सहमी दुनिया

पोलैंड पर मिसाइल हमला, दो मृत, तीसरे विश्वयुद्ध की आशंका से सहमी दुनिया
यूक्रेन की जंग में अभी तक रूस के करीब 50 हजार से ज्यादा सैनिकों के हताहत होने का पश्चिमी देशों का अनुमान है। जैसे- जैसे पुतिन का स्वास्थ्य खराब हो रहा है, ऐसी आशंका है कि वह हताशा में आकर यूक्रेन में परमाणु बम का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर पुतिन एटम बम का इस्तेमाल करते हैं तो इससे यूक्रेन के सहयोगियों का हालात को लेकर विचार बदल सकता है।

16 नवंबर 22। रूस-यूक्रेन जंग के बीच नाटो देश पोलैंड पर मिसाइल हमले से पूरी दुनिया सहम गई है। अभी यह साफ नहीं हो सका है कि पोलैंड पर यह मिसाइल किसने दागी थी। यूक्रेन सीमा के पास हुए इस जोरदार हमले में पोलैंड के दो ग्रामीण मारे गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने जी7 देशों की बाली में आपात बैठक बुलाई और कहा कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि यह मिसाइल संभवत: रूस ने नहीं दागी थी। नाटो देश पोलैंड पर मिसाइल हमले की जांच में जुट गए हैं। नाटो ने भी रूस में निर्मित मिसाइल के हमले के बाद आपात शिखर बैठक बुलाने का आह्वान किया है। उधर, रूस ने पोलैंड पर मिसाइल हमले के दावे को खारिज किया है। इस बीच सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड करने लगा कि क्या दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध की ओर बढ़ रही है।

यूक्रेन नाटो का सदस्य देश नहीं है, फिर भी ब्रिटेन, अमेरिका और उसके सहयोगी देश रूस के खिलाफ जंग में शामिल हुए बिना उसकी जमकर मदद कर रहे हैं। हालांकि नाटो सहयोगी देश पोलैंड में रूसी मिसाइल हमले की पुष्टि होती है तो बड़ी कार्रवाई की आशंका बढ़ जाएगी। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि अगर रूस ने लगातार अपने हमले को बढ़ाया तो तीसरा विश्वयुद्ध भड़क सकता है। इस बात की भी आशंका है कि दुनियाभर में खाद्यान संकट पैदा हो सकता है। विश्लेषकों का कहना है कि अगर नाटो की जांच में यह पुष्टि होती है कि रूस ने हमला किया है तो यह बहुत गंभीर मामला हो सकता है।