पीएम मोदी ने सेट किया 2047 का लक्ष्य, 10 प्वाइंट में जानें सब कुछ

भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में लाल किला से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक भाषण (PM Narendra modi speech) दिया है। उन्होंने अगले 25 सालों का लक्ष्य निर्धारित किया है।

पीएम मोदी ने सेट किया 2047 का लक्ष्य,  10 प्वाइंट में जानें सब कुछ
पीएम ने कहा कि 2047 में जब हम आजादी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएं तो देश विकसित राष्ट्र होना चाहिए। इस लक्ष्य के लिए उन्होंने कई संकल्प भी दुहराए हैं।

15 अगस्त 22। पीएम नरेंद्र मोदी ने 9वीं बार दिल्ली के लालकिले से देश को संबोधित किया। कुल 1 घंटे 22 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने अगले 25 सालों की लक्ष्य निर्धारित किया है। पीएम ने कहा कि 2047 में जब हम आजादी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएं तो देश विकसित राष्ट्र होना चाहिए। इस लक्ष्य के लिए उन्होंने कई संकल्प भी दुहराए हैं। आईए जानते हैं पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें।

  1. पीएम के भाषण में नेहरू का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण के दौरान स्वतंत्रता आंदोलन कि शिल्पियों महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भीमराव अंबेडकर, वीर सावरकर का जिक्र किया। आजादी के बाद देश को आगे बढ़ाने वालों में पीएम ने पूर्व पीएम नेहरू का भी नाम लिया।

  1. 100 साल का जश्न मनाने की बात

पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान कहा कि आज हम आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। 2047 में हमारी आजादी के 100 साल पूरे हो जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से 25 सालों में देश को विकसित बनाने का संकल्प लिया।

  1. 2047 तक विकसित बने भारत

पीएम मोदी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि जब आप 50 साल के होंगे तो देश की आजादी के 100 साल पूरे होंगे। हमें एकजुट होकर टीम इंडिया की तरह आगे बढ़ना है। ताकि 25 साल में हमारे यहां पूरा विकास हो। हमें अपनी एकता पर भी जोर देना है।

  1. भ्रष्टाचार पर किया करारा प्रहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण के दौरान कहा कि देश में किसी के पास रहने के लिए जगह नहीं है और किसी के पास चोरी का पैसा रखने की जगह नहीं है। यह स्थिति देश के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने आम नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई में साथ दें।

  1. आजादी का अमृत महोत्सव

देश की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके लिए 2021 से ही तैयारियां की जा रही थीं। हर घर तिरंगा कैंपेन चलाकर देश भर में तिरंगा फहराने का काम किया जा रहा है। लोगों में भी इसे लेकर काफी उत्साह है।

  1. आत्मनिर्भर भारत है देश का सामाजिक आंदोलन

पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए कई बड़ी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हम विदेशी चीजों का उपयोग न करके एक कदम बढ़ा सकते हैं। पीएम ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत देश का सामाजिक आंदोलन बन चुका है।

  1. पहली बार घरों पर तिरंगा

यह पहली बार हो रहा है जब सभी के घरों पर तिरंगा लहरा रहा है। इसके लिए सरकार ने नियमों में छूट दी है। यह भी पहली बार हुआ जब स्वदेश निर्मिता होवित्जर गन से सलामी दी गई। यह भारत के आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करता है।

  1. जब वीर क्रांतिकारियों को किया याद

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत में उन अनगिनत क्रांतिकारियों, शहीदों को नमन किया जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। पीएम ने आदिवासी वीरों को भी याद किया और कहा कि राष्ट्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

  1. डिजिटल क्रांति पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि कई लोगों ने डिजिटलीकरण को लेकर तमाम आशंकाएं पैदा की थी लेकिन आज हम नये नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। देश में डिजिटल व्यवस्था के तहत हर वर्ग को फायदा पहुंच रहा है। चाहे वह आम नागरिक हों या किसान सभी को डिजिटलीकरण से लाभ हो रहा है।

  1. राजघाट पर बापू को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किला पहुंचने से पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर फूल चढ़ाए, उसके बाद वे लाल किला पहुंचे और 9वीं बार तिरंगा फहराया। इसके बाद पीएम मोदी ने करीब 1 घंटे 22 मिनट तक भाषण दिया।