पंजाब हुआ आप का, सीएम चन्नी नहीं लड़ा पाए पंजा-दोनों सीटों से हारे, सिद्धू की भी डूबी नैया-बड़ी हार मिली, केजरीवाल की झाड़ू ने किया सफाया

केजरीवाल ने कहा- पहले दिल्ली में हुआ अब पूरे देश में होगा इंकलाब

पंजाब हुआ आप का, सीएम चन्नी नहीं लड़ा पाए पंजा-दोनों सीटों से हारे, सिद्धू की भी डूबी नैया-बड़ी हार मिली, केजरीवाल की झाड़ू ने किया सफाया

अमृतसर/जालंधर/लुधियाना। इस बार के चुनाव में पंजाब की राजनीति ने ऐसा करवट बदला कि आप का हो गया है। पंजाब में आप सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, बल्कि बहुमत के आंकड़े से भी बहुत आगे निकलती नजर आ रही है। आप के सीएम कैंडिडेट भगवंत मान ने भी 45 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस से सीएम चरणजीत चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू दोनों चुनाव हार गए हैं। हार के बाद सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की खबर है। पंजाब में झंडा गाड़ने के बाद केजरीवाल ने पार्टी वर्कर्स को संबोधित करते कहा कि दिल्ली में इंकलाब हुआ अब पूरे देश में इंकलाब होगा। रिपोर्ट के अनुसार केजरीवाल ने कहा कि लाभ सिंह उगोके ने चन्नी को हराया है। लाभ सिंह मोबाइल रिपेयर करने वाली दुकान में नौकरी करते हैं। उनकी माताजी सरकारी स्कूल में काम करती है। पिता खेती करते हैं। जीत के बाद भगवंत मान ने पंजाब की जनता को संबोधित किया। वे कल पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह भी राजभवन की जगह शहीदे आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में होगा। इससे पहले सीएम की शपथ राजभवन में होती रही है। शपथ लेने से पहले मान शहीदी स्मारक पर माथा टेकने भी जाएंगे। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 हजार तो सुखबीर सिंह बादल 12 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं।