कार्यकारिणी पर मचा बवाल: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकारिणी भंग, 4 उपाध्यक्ष बरकरार

कुछ नियुक्तियों को लेकर ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन में फैल गया था असंतोष, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कार्यकारिणी भंग करने का आदेश जारी किया

कार्यकारिणी पर मचा बवाल: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकारिणी भंग, 4 उपाध्यक्ष बरकरार

भोपाल। नियुक्ति को लेकर कार्यकारिणी पर मचे बवाल के बाद आज यानी बुधवार को मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस कमेटी ने यह फैसला लिया है। कार्यकारिणी का गठन 30 जनवरी को हुआ था, लेकिन उसके बाद से ही कुछ नियुक्तियों को लेकर इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में महिला कांग्रेस में असंतोष फैल गया था। महिला कांग्रेस कार्यकारिणी में अपनी या अपनों की नियुक्ति न होने से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों ने इस्तीफा देना शुरू कर दिया था। कार्यकारिणी के गठन के 24 घंटे के अंदर ही सबसे पहला इस्तीफा इंदौर से आया था। इंदौर की सोनिया अतुल शुक्ला ने महामंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उज्जैन में सबसे ज्यादा विवाद देखने को मिला था। विवाद सिर्फ इंदौर, उज्जैन तक नहीं बल्कि ग्वालियर में भी देखने मिला। यहां पर भी पार्टी पदाधिकारियों ने प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने पर पद से इस्तीफा दे दिया था। हाल ही में कमलनाथ के ग्वालियर दौरे के बाद एक साथ कई महिला पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। ग्वालियर में महिला कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष रुचि गुप्ता के पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे के बाद संगठन से किनारा करने वालों की संख्या तेजी के साथ बढ़ गई थी।

मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस से जुड़ा विवाद दिल्ली तक जा पहुंचा था और आज ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने का आदेश जारी कर दिया।