आज महाकाल का होगा राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार, नए साल पर भस्म आरती दर्शन

नव वर्ष 2023 के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे।

आज महाकाल का होगा राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार, नए साल पर भस्म आरती दर्शन

उज्जैन। नए साल पर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक उज्जैन के महाकाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा की भस्म आरती में रविवार सुबह 4 बजे शामिल हुए और दर्शन लाभ लिए। नव वर्ष 2023 के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे। सुबह 4 बजे हुई भस्म आरती में मंदिर के कपाट खोलने के पश्चात भगवान महाकाल को जल से स्नान कराया गया। पंडे-पुजारियों ने दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से बाबा महाकाल का अभिषेक पूजन किया। भगवान महाकाल को मस्तक पर रजत त्रिपुंड, त्रिशूल के साथ मोगरे और सूखे मेवे की माला अर्पित कर राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। भस्म आरती के दौरान महाकाल का भांग, चन्दन, सिंदूर और आभूषणों से श्रृंगार किया गया। मस्तक पर चन्दन का तिलक और सिर पर शेषनाग का रजत मुकुट धारण कर रजत की मुंडमाला और रजत जड़ी रुद्राक्ष की माला के साथ साथ सुगन्धित पुष्प से बनी फूलों की माला अर्पित की गयी। फल और मिष्ठान का भोग लगाया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। महा निर्वाणी अखाड़े की और से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गयी। देश भर से आने वाले भक्त नव वर्ष पर भगवान महाकाल के दर्शन कर पुरे वर्ष के लिए कामना करते है। भगवान महाकाल के भक्त यहीं कामना करते है की दर्शन कर नए वर्ष की शुरुआत हो। इसके चलते भस्म आरती के बाद दिन भर श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला देर रात 11 बजे ताक निरन्तर चलता रहेगा।