अमृतपाल सिंह का एक नया सीसीटीवी फुजेट आया सामने

अमृतपाल पंजाब में ही घूम रहा था और पंजाब पुलिस के 80,000 कर्मी उसे ढूंढ रहे थे लेकिन किसी को भनक तक नहीं।

अमृतपाल सिंह का एक नया सीसीटीवी फुजेट आया सामने

भगोड़े अमृतपाल सिंह का एक और नया सीसीटीवी जारी हुआ है। सूत्रों का दावा ये भी है कि पटियाला से ही अमृतपाल हरियाणा के शाहबाद पहुंचा। पिछले 7 दिनों से अमृतपाल फरार है, उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। कई राज्यों में उसकी तलाश जारी है। लेकिन वो पुलिस की पकड़ से बाहर है। इधर दिल्ली में अमृतपाल की तलाश तेज हो गई है। पंजाब पुलिस दिल्ली आई थी। कश्मीर गेट बस अड्डे का CCTV चेक किया गया। CCTV का डेटा पंजाब पुलिस ले गई है। इसके अलावा भागने में अमृतपाल की मदद करने वाले शख्स का भी पता चल गया।

सवाल ये है कि अमृतपाल आखिर कहां भागा है? 18 मार्च को पुलिस की दबिश के बाद से ही अमृतपाल फरार है। जल्लूपुर खेड़ा से भागने के बाद वो कभी मर्सिडीज, तो कभी ब्रेजा कार, तो कभी स्कूटी, तो कभी बाइक से भागता दिखा है। अब तक वो किन-किन जगहों से गुजरा है और कहां हो सकता है?

18 मार्च को अमृतपाल, अमृतसर के आस-पास दिखा था। उसके बाद वो 20 मार्च को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिखा। ये आशंका है कि वो उत्तराखंड में छिपाया गया हो। जिसको लेकर उधम सिंह नगर में पुलिस अलर्ट पर है। वहां उसके पोस्टर लगे हैं। आशंका ये भी है वो नेपाल भाग चुका है। वहीं दूसरी सूरत ये है कि वो हरियाणा के कुरुक्षेत्र से भागने के बाद यूपी के बहराइच के रास्ते नेपाल भाग सकता है।

पंजाब पुलिस की कार्रवाई मध्य प्रदेश में भी चल रही है। पंजाब पुलिस ने इंदौर से सुक्खा नाम के एक शख्स को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि हरियाणा से बलजीत कौर के फोन से अमृतपाल ने सुक्खा को फोन किया था। सुक्खा अमृतसर का रहने वाला है और फिलहाल इंदौर में रह रहा था। इस बीच खबर सामने आई है कि अमृतपाल ने ब्रिटेन की नागरिकता लेने के लिए आवेदन किया हुआ है। हालांकि यह आवेदन अभी ब्रिटेन अधिकारियों के पास लंबित है। उस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।इस बीच अमृतपाल और उसके साथी पप्पनप्रीत सिंह की एक और तस्वीर सामने आई है। दोनों एक जुगाड़ गाड़ी पर बाइक रखकर भागते हुए दिखाई दिए। 

पुलिस के अधिकारियों की मानें अब अमृतपाल पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग ज्यादा करता रहा। लुधियाना में करीब 15 किलोमीटर का सफर अमृतपाल ने तय किया। इस दौरान वह लडोवाल से ऑटो के जरिये बस स्टैंड पहुंचा था। उसने जालंधर बाईपास से शेरपुर तक के लिए ऑटो लिया था और उसके बाद बस में सफर किया।अमृतपाल ने दो ऑटो बदले हैं और उसके बाद वह शेरपुर चौक पहुंचकर बस स्टैंड से हरियाणा के लिए रवाना हुआ।

हैरानी की बात यह कि अमृतपाल पंजाब में ही घूम रहा था और पंजाब पुलिस के 80,000 कर्मी उसे ढूंढ रहे थे लेकिन किसी को भनक तक नहीं लग पाई कि जालंधर से लुधियाना और लुधियाना में 15 किलोमीटर करीब सफर तयकरने के लिए उसने दो ऑटो बदले। बाद में बस स्टैंड में आराम से बस में बैठकर हरियाणा निकल गया।