ठंड दिखाएगा असरः 8 राज्यों में 3 से 5 डिग्री तापमान में आएगी गिरावट

हिमाचल प्रदेश के तीन इलाकों में माइनस पर पहुंचा पारा

ठंड दिखाएगा असरः 8 राज्यों में 3 से 5 डिग्री तापमान में आएगी गिरावट

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। कई राज्यों में शीतलहर चलने लगी है। मौसम बदलने से जनजीवन पर असर पड़ा है। बर्फबारी की वजह से कहीं रास्ते बंद हैं, तो कहीं कोहरे के चलते ट्रैफिक पर असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 3 से 5 दिनों में 8 राज्यों के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट होगी। इनमें गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, पंजाब, राजस्थान,उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश शामिल हैं। अगले दो-तीन दिनों में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़, और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान पर ज्यादा असर नहीं होगा, 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों, बिहार, पश्चिम-बंगाल,सिक्किम, असम, मेघालय और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे में हरियाणा और चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। हिमाचल प्रदेश के 3 इलाकों में टेंपरेचर माइनस में पहुंच गया है। केलांग का तापमान माइन (-) 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कल्पा में माइनस 4.6 डिग्री और मनाली में -2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। केलांग में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। कल्पा में 4 और मनाली में 2 सेमी बर्फबारी हुई है। ऐसे में प्रदेश में 3 नेशनल हाईवे समेत 184 सड़कें भी बंद हैं। सबसे ज्यादा 140 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। मौसम विभाग ने घने कोहरे की आशंका को देखते हुए दिल्ली में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि 15 दिसंबर को दिल्ली में घना कोहरा छाएगा। दिल्ली में हुई बारिश की वजह से ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते तापमान में और गिरावट आएगी।