कोरोना का कहरः भाजपा अध्यक्ष नड्‌डा कोरोना पॉजिटिव, कुल 10 मंत्री हो चुके संक्रमित

ममता ने की जल्द ठीक होने की कामना, देश में कुल केस 99 लाख के करीब पहुचा

कोरोना का कहरः भाजपा अध्यक्ष नड्‌डा कोरोना पॉजिटिव, कुल 10 मंत्री हो चुके संक्रमित

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तीन दिन पहले ही वह पश्चिम बंगाल के दौरे पर थे। वहां 9 और 10 दिसंबर को उन्होंने रोड शो और रैलियां की थीं। अब संक्रमित होने के बाद उनके सभी कार्यक्रम टाल दिए गए हैं। नड्डा ने सोशल मीडिया पर खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है। डॉक्टर्स की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी गाइडलाइंस का पालन कर रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि जो भी लोग पिछले कुछ दिनों में संपर्क में आएं हैं, वे खुद को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के कोरोना पॉजिटिव होने के बारे में पता चला। वे जल्दी स्वस्थ हों। ऐसे समय में मेरी प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं। अब तक कोरोना की चपेट में 10 मंत्री आ चुके हैं। अलग-अलग राज्यों में कई सीएम, भाजपा नेता और मंत्री भी संक्रमण के शिकार हुए। देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 98.84 लाख हो गया है। इनमें से 93.87 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, 1.43 लाख की मौत हो चुकी है और 3.51 लाख का इलाज चल रहा है। आज कुल संक्रमितों का आंकड़ा 99 लाख के पार हो सकता है। हालांकि, राहत की बात है कि एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या आज 3.50 लाख हो सकती है। दिसंबर के 13 दिनों में ही 76 हजार 363 एक्टिव केस कम हुए हैं।

आईआईटी मद्रास में 66 लोग संक्रमित मिले, अधिकतर विद्यार्थी हैं शामिल
आईआईटी मद्रास में 66 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इनमें अधिकतर विद्यार्थी शामिल हैं। राज्य सरकार के आदेश से फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स के लिए इंस्टीट्यूट 7 दिसंबर को खोला गया था। अब सभी डिपार्टमेंट को बंद कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कैम्पस में शुरुआती दो केस 1 दिसंबर को ही मिले थे। इसके बाद 10 दिसंबर फिर 14 दिसंबर को कुछ और रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। तीन दिन में ही यहां 55 केस आ चुके हैं। इसके बाद इस कैम्पस को कोविड हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अभी कैम्पस में 774 स्टूडेंट्स हैं। सभी के टेस्ट किए जा रहे हैं और उन्हें बाहर जाने की मनाही कर दी गई है। सबसे ज्यादा केस दो हॉस्टल कृष्णा और जमुना में आए हैं। इनके अलावा कुछ फैकल्टी मेंबर्स और मेस के कर्मचारी भी संक्रमित मिले हैं।

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को रेमडेसिविर का एक कोर्स दिया जा चुका
दिल्ली में कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंच गया है। अब तक 10 हजार 14 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 2 हजार 698, यानी 27ः मौतें नवंबर में ही हुई हैं। अक्टूबर में 1161 और सितंबर में 929 लोगों ने जान गंवाई थी। दिसंबर के 13 दिनों में 754 लोगों की मौत हो चुकी है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को रोहतक के पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में भर्ती किया गया है। पीजीआईएमएस के प्रोफेसर डॉ. गजेंद्र सिंह ने कहा कि विज को रेमडेसिविर का एक कोर्स दिया जा चुका है। डॉक्टरों की एक टीम फैसला करेगी कि उन्हें प्लाज्मा थैरेपी दी जाए या नहीं। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा है कि जनवरी से देश में वैक्सीनेशन शुरू हो सकता है। इस महीने के आखिर तक उनकी कंपनी की वैक्सीन को इमरजेंसी यूज की मंजूरी मिल जाएगी। हालांकि, बड़े पैमाने पर यूज के लिए लाइसेंस मिलने में अभी समय लगेगा। पूनावाला ने कहा कि देश की 20 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन लग जाएगी तो अगले साल अक्टूबर तक हालात सामान्य होने लगेंगे।

इन राज्यों में कोरोना के ये रहे हालात
दिल्ली में रविवार को 1984 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 2539 लोग ठीक हुए और 33 की मौत हो गई। अब तक यहां 6 लाख 7 हजार 454 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16 हजार 785 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 5 लाख 80 हजार 655 लोग ठीक हो चुके हैं। मध्यप्रदेश में 1181 केस आए। यह बीते 26 दिनों में नए मरीजों का सबसे कम आंकड़ा है। इससे पहले 17 नवंबर को 922 केस आए थे। रविवार को राज्य में 1278 मरीज ठीक हो गए, जबकि 13 मरीजों की मौत हो गई। यहां अब तक 2 लाख 23 हजार 578 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 2 लाख 7 हजार 337 ठीक हो गए, जबकि 3 हजार 404 की मौत हो गई। अभी 12 हजार 837 का इलाज चल रहा है। गुजरात में 1175 लोग संक्रमित पाए गए। 1347 लोग ठीक हुए और 11 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 27 हजार 683 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13 हजार 198 मरीजों का इलाज चल रहा है। 2 लाख 10 हजार 314 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं, जबकि 4171 की मौत हो चुकी है। राजस्थान में 1290 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1468 लोग ठीक हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 91 हजार 289 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16 हजार 629 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 72 हजार 118 लोग ठीक हो चुके हैं, 2542 की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में 3717 लोग पिछले 24 घंटे के अंदर संक्रमित पाए गए। 3083 लोग ठीक हुए और 70 की मौत हो गई। अब तक 18 लाख 80 हजार 416 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 74 हजार 104 मरीजों का इलाज चल रहा है। 17 लाख 57 हजार 5 मरीज ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 48 हजार 209 हो गई है।