कोरोना का कहर: देश में संक्रमण की रफ्तार में कमी, दिल्ली व केरल में तेजी, बढ़ी चिंता

अब एक्टिव केस 5 लाख के नीचे बने हुए हैं, कुल 89.12 लाख केस आ चुके  

कोरोना का कहर: देश में संक्रमण की रफ्तार में कमी, दिल्ली व केरल में तेजी, बढ़ी चिंता

देश में कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट जारी है, एक्टिव केस में कमी हो रही है, दिल्ली और केरल में संक्रमण की तेजी ने चिंता देखी जा रही है। मंगलवार को देश में कुल 38 हजार 478 केस सामने आए, इसके मुकाबले 44 हजार 671 मरीज ठीक हो गए। 471 मरीजों की मौत हुई। एक्टिव केस में 6 हजार 672 की कमी आई। दिल्ली में बीते 17 दिनों में ही 1 लाख 3 हजार, केरल में 93 हजार 370 केस आए हैं। महाराष्ट्र में 68 हजार 734, पश्चिम बंगाल में 60 हजार 566, हरियाणा में 35 हजार 597, जबकि राजस्थान में 31 हजार 433 मरीज मिले हैं। देश में अब तक 89.12 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 83.33 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.31 लाख संक्रमितों की मौत हो गई है। 4 लाख 46 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय का अल्टीमेटमः त्योहारों में लापरवाही भारी पड़ सकती है
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि त्योहारों के दौरान देशभर में लोगों ने काफी लापरवाही बरती है। इसके नतीजे अब देखने को मिलेंगे। मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि अभी मरीजों के आंकड़े कम हुए हैं, लेकिन अगले दो हफ्ते काफी अहम हैं। इस दौरान कोरोना के केस घटने की बजाय बढ़ सकते हैं। मंत्रालय ने दिल्ली में केस बढ़ने और मौतों की संख्या में हुए इजाफे पर भी चिंता जताई। कहा कि केस बढ़ने की वजह टेस्टिंग की संख्या स्थिर होना है। जून में औसतन 50-57 हजार टेस्ट दिल्ली में होते थे। इसके बाद टेस्टिंग दर बढ़ने की बजाय स्थिर हो गई। इस बीच, बड़ी संख्या में लोग ट्रेस नहीं हो पाए और कोरोना फैलता रहा। अब केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार से टेस्टिंग बढ़ाने को कहा है। हर दिन 1 लाख से 1.20 लाख टेस्ट होंगे।

आईसीएमआर व स्वास्थ्य मंत्रालय का बयान-  2 वैक्सीन का फाइनल ट्रायल शुरू 
दिल्ली में अब 3500 आईसीयू बेड्स उपलब्ध हैं। इसे अगले कुछ दिनों में 6 हजार करना है। दो दिनों के अंदर 537 नए आईसीयू बेड्स सरदार पटेल कोविड हॉस्पिटल में तैयार किए गए हैं। सीरम इंस्टीट्यूट का वैक्सीन तीसरे फेज के ट्रायल में है। अभी कुल 5 वैक्सीन ट्रायल फेज में हैं। इनमें 2 का फाइनल ट्रायल शुरू हो गया है। देश में रिकवरी रेट 93 प्रतिशत हो गया है। पिछले हफ्ते हर दिन औसतन 46,700 लोग ठीक हुए। औसतन 40 हजार 300 नए केस सामने आए। अब तक 12 करोड़ 65 लाख टेस्ट हो चुके हैं। देश में ओवरऑल 7ः की दर से केस मिले। अब डेली पॉजिटिविटी रेट 4.1 प्रतिशत है। 

कई राज्यों में छठपूजा पर लगी रोक, विरोध के कारण झारखंड ने हटाई रोक 
ढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों ने सार्वजनिक जगहों पर छठ पूजा करने पर रोक लगा दी है। इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और महाराष्ट्र शामिल हैं। राज्य सरकारों ने कहा है कि छठ पूजा के दिन कोई भी सार्वजनिक नदियों, तालाबों पर पूजा नहीं कर सकता है। आदेश के मुताबिक, श्रद्धालु अपने घर में ही पूजा कर सकते हैं। झारखंड सरकार ने भारी विरोध के चलते छठ पूजा पर लगी रोक हटा ली है। सोमवार को ही आदेश जारी कर हेमंत सोरेन सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा करने पर रोक लगाई थी। उत्तरप्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी को देखते हुए छठ पूजा के लिए एडवाजरी जारी की है। श्रद्धालुओं से घर पर या घर के पास ही पूजा-पाठ करने की गुजारिश की गई है। स्थानीय प्रशासन ने नदी, तालाब और पोखरों के पास छठ के पारंपरिक स्थानों पर इंतजाम किए हैं। असम के डिब्रूगढ़ में छठ पूजा समिति ने श्रद्धालु से घर पर ही पूजा करने की अपील की है। उनसे कहा गया है कि वे इस पर्व पर नदी, तालाब और पोखरों पर इकट्‌ठा न हों।

दिल्ली से नोएडा की तरफ जाने वाले लोगों का अब रैंडम टेस्ट होगा
महाराष्ट्र में सरकार की मंजूरी के बावजूद पुणे में सिंगल स्क्रीन थियेटर बंद रहेंगे। लक्ष्मीनाराण थियेटर के मालिक दिलीप बोरावाके ने कहा कि लोगों में अभी कोरोना का खौफ है, ऐसे में थियेटर खोले भी गए तो दर्शक नहीं मिलेंगे। कर्नाटक में आठ महीने के बाद गुरुवार से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। हालांकि, स्टूडेंट्स को कोरोना का नेगेटिव सर्टिफिकेट दिखाए बिना कैम्पस में आने की इजाजत नहीं होगी।0 दिल्ली में कोरोना के केस लगातार बढ़ने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली सरकार बाजार बंद करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि कोरोना रोकने के लिए छोटे स्तर पर लॉकडाउन भी लगाया जा सकता है। दिल्ली में अब शादी में 200 की जगह सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। दिल्ली सरकार ने इसको लेकर केंद्र को प्रस्ताव भेजा है। दो दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में कोरोना के हालात की समीक्षा की थी।
दिल्ली से नोएडा की तरफ जाने वाले लोगों का अब रैंडम टेस्ट होगा। नोएडा जिला प्रशासन ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। दिल्ली-यूपी सीमा पर ही लोगों को रोककर टेस्ट कराए जाएंगे।

इन 5 राज्यों में कोरोना संक्रमण के ये रहे हालात
दिल्ली में मंगलवार को 6396 नए मरीज मिले। 4421 लोग रिकवर हुए और 99 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 95 हजार 598 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 42 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 45 हजार 782 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 7812 मरीजों की मौत हो चुकी है। मध्यप्रदेश में 922 लोग संक्रमित मिले। 848 लोग रिकवर हुए और 10 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 85 हजार 446 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 9060 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 73 हजार 284 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3102 हो गई है। राजस्थान में मंगलवार को 2194 लोग संक्रमित पाए गए। 1834 लोग रिकवर हुए और 11 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 30 हजार 180 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 19 हजार 33 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 9 हजार 58 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2089 हो गई है। महाराष्ट्र में 2732 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 5123 लोग रिकवर हुए और 68 मरीजों की मौत हुई। अब तक 17 लाख 52 हजार 509 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 81 हजार 925 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 23 हजार 503 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 46 हजार 102 हो गई है। उत्तरप्रदेश में 1420 नए मरीज मिले। 1838 लोग रिकवर हुए और 19 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 14 हजार 270 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 22 हजार 166 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 84 हजार 692 लोग ठीक हो चुके हैं और 7314 मरीजों की मौत हो चुकी है।