महाशिवरात्रि कलः मंदिरों में आज रात 12 बजे से शुरू हो जाएंगे अभिषेक, ट्रैफिक प्लान लागू

भक्तों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण

महाशिवरात्रि कलः मंदिरों में आज रात 12 बजे से शुरू हो जाएंगे अभिषेक, ट्रैफिक प्लान लागू

ग्वालियर। महाशिवरात्रि मंगलवार 1 मार्च को है। इसके लिए सभी मंदिरों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शहर के अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर और मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। शिवालयों में भक्तजन सोमवार की रात 12 बजे से पहुंचना प्रारंभ हो जाएंगे। रात 12 बजे से अभिषेक भी किए जाएंगे। मंदिरों में भीड़ को नियंत्रित करने और अन्य व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए मंदिर प्रबंधन के साथ ही पुलिस व प्रशासन ने भी ठोस इंतजाम किए हैं।

इस तरह डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक

अचलेश्वर रोड पर रात से ही वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पॉर्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इंदरगंज चौराहा से अचलेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग पर सोमवार रात 12 बजे से ही वाहन रोक दिए जाएंगे। इंदरगंज से कंपू, जेएएच और चेतकपुरी जाने वाले वाहनों को दाल बाजार, अस्पताल रोड से होते हुए निकलना होगा। रोषनी घर रोड पर सिर्फ निजी वाहन ही निकल सकेंगे। वहीं कोटेश्वर तिराहा से कोटेश्वर मंदिर होकर काली माता मंदिर तक वाहन नहीं जा सकेंगे। भक्तों के प्रवेश और निकासी के लिए दो द्वार रखे जाएंगे, जिससे भीड़ एक जगह एकत्रित नहीं हो पाएगी। महाशिवरात्रि के दिन यहां छोटा मेला लगाया जाएगा। पार्किंग की व्यवस्था विनय नगर के पास रहेगी। शिवरात्रि पर बाबा अचलनाथ को 50 क्विंटल साबूदाना, 100 क्विंटल आलू और 10 क्विंटल फ्रूट चाट से भोग लगेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। अचलेश्वर मंदिर में भक्त ठीक से प्रवेश कर सकें, इसके लिए पांच द्वार बनाए जाएंगे। महिला भक्तों के प्रवेश के लिए अलग से द्वार रहेगा। महिलाओं को नंदी बाबा की तरफ से बने द्वार से प्रवेश दिया जाएगा। प्रसादी वितरण के लिए 30 स्टाल लगाए जाएंगे। दर्शन के लिए भगवान के पट रात्रि 12 बजे से खोल दिए जाएंगे।