कांग्रेस के दिग्गज नेता व यूपीए सरकार में मंत्री रहे आरपीएन सिंह ने थामा भाजपा का दामन

स्वामी प्रसाद मौर्या के खिलाफ लड़ सकते हैं चुनाव, पड़रौना में कांग्रेस हुई बेघर, आरपीएन सिंह के घर में ही चल रहा था कांग्रेस का कार्यालय 

कांग्रेस के दिग्गज नेता व यूपीए सरकार में मंत्री रहे आरपीएन सिंह ने थामा भाजपा का दामन

लखनऊ. कांग्रेस के दिग्गज नेता और यूपीए सरकार में मंत्री रहे रतनजीत प्रताप नरायन सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उत्तर प्रदेष के पड़रौना के निवासी हैं। अब कुशीनगर जिला बन गया है। पड़रौना के राजपरिवार से ताल्लुक रखने वाले कुंवर रतनजीत प्रताप नरायन सिंह दशकों से कांग्रेस में थे। अब भाजपाई हो गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह खुद पड़रौना सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। पड़रौना विधानसभा सीट से ही सपा के टिकट पर स्वामी प्रसाद मौर्य की दावेदारी है, मगर अब यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

आरपीएन सिंह के भाजपा में जाने से कुशीनगर में कांग्रेस बेघर हो गई है। आरपीएन सिंह के छोड़ने पर कांग्रेस के पास बैठने को जगह नहीं है, क्योंकि आरपीएन सिंह के घर में ही कांग्रेस का कार्यालय चल रहा था, मगर अब कुशीनगर जिला कांग्रेस कमेटी बिना कार्यालय के हो गई है। ज्ञात हो कि आरपीएन सिंह कांग्रेस के कद्दावर नेता रह चके हैं। आरपीएन सिंह के पिता सीपीएन सिंह इंदिरा गांधी की सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। आरपीएन सिंह पड़रौना विधानसभा से तीन बार विधायक रहे हैं। मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, कॉरपोरेट मामला, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। सभी जाति वर्ग में उनकी अच्छी पकड़ है।