तुर्किये-सीरिया भूकंप से तबाह, 15 हजार की मौत, सीरिया में 3 लाख लोग बेघर

राष्ट्रपति एर्दोगन ने कहा- हम शुरुआत में राहत पहुंचाने में रहे नाकाम

तुर्किये-सीरिया भूकंप से तबाह, 15 हजार की मौत, सीरिया में 3 लाख लोग बेघर

अंकारा। तुर्किये और सीरिया में सोमवार को आए 3 बड़े भूकंप ने भयंकर तबाही मचाई है। मीडिया के मुताबकि दोनों देशों में मरने वालों की संख्या 15 हजार से ज्यादा हो गई है। घायलों की संख्या 40 हजार के करीब हो गई है। मदद के लिए डब्ल्यूएचओ और यूएन समेत दुनियाभर के 70 से भी ज्यादा देश आगे आए हैं। लोकल मीडिया के मुताबिक सीरिया में 3 लाख लोगों को मजबूरन अपना घर छोड़ना पड़ा है। सरकार को लेकर लोगों के बढ़ते गुस्से के बाद तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने स्वीकार किया कि भूकंप के बाद उनकी सरकार की शुरुआती प्रतिक्रियाओं में कमियां थीं। दरअसल, भूकंप के बाद कई ईलाकों में लोगों ने बचावकर्मियों के देर से पहुंचने के साथ ही समय पर राहत समग्री नहीं मिलने की शिकायत की थी और सरकार पर अनदेखी के आरोप लगाए थे।
तुर्किये में सरकार ने ट्विटर ब्लॉक किया
तुर्किये में ट्विटर को ब्लॉक कर दिया गया है। दरअसल, तुर्किये सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के खिलाफ एक बिल पास किया था। इसके तहत यदि सोशल मीडिया कंपनियां तुर्किये से जुड़ी गलत जानकारी अपनी साइट से नहीं हटाती हैं, तो उनपर प्रतिबंध लगाए जाएंगे। देश में आपत्तिजनक पोस्ट के लिए अब तक 18 लोगों को हिरासत में लिया है और 5 को गिरफ्तार किया गया है।
भारत ने आपरेशन दोस्त चलाया
भारत भी आपरेशन दोस्त के तहत मदद भेज रहा है। दरअसल, टर्किश और हिंदी भाषा में दोस्त शब्द का इस्तेमाल होता है, इसलिए इस आपरेशन का नाम दोस्त रखा गया है। रेस्क्यू आपरेशन के लिए एनडीआरफ टीमों के साथ गरुड़ एरोस्पेस कंपनी के ड्रोन भी भेजे गए हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि तुर्किये में भूकंप आने के बाद से ही एक भारतीय नागरिक लापता है। साथ ही तुर्किये के दूर-दराज के इलाकों में 10 भारतीय फंसे हुए हैं। इन्हें रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।

भूकंप से तुर्किये 10 फीट खिसका
भूकंप का एपिसेंटर तुर्किये था। इसे देखते हुए एक्सपर्ट्स का कहना है कि यहां टैक्टोनिक प्लेट्स 10 फीट (3 मीटर) तक खिसक गईं। दरअसल, तुर्किये 3 टैक्टोनिक प्लेट्स के बीच बसा हुआ है। ये प्लेट्स हैं- एनाटोलियन टैक्टोनिक प्लेट, यूरोशियन और अरबियन प्लेट। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एनाटोलियन टैक्टोनिक प्लेट और अरबियन प्लेट एक दूसरे से 225 किलोमीटर दूर खिसक गई हैं। इसके चलते तुर्किये अपनी भौगोलिक जगह से 10 फीट खिसक गया है। इटली के सीस्मोलॉजिस्ट डॉक्टर कार्लो डोग्लियोनी ने बताया कि टैक्टोनिक प्लेट्स में हुए इस बदलाव के चलते हो सकता है कि तुर्किये, सीरिया की तुलना में 5 से 6 मीटर (लगभग 20 फीट) और अंदर धस गया हो। उन्होंने कहा- हालांकि ये जानकारी शुरुआती डेटा से मिली है। आने वाले दिनों में सैटेलाइट इमेज से सटीक जानकारी मिल सकेगी।