राजस्थान में टीचर भर्ती में आरक्षण की मांग: 4 दिन से हिंसक प्रदर्शन, उपद्रवियों ने हाईवे पर पत्थर बिखराए, 3300 के खिलाफ केस

राजस्थान में टीचर भर्ती में आरक्षण की मांग: 4 दिन से हिंसक प्रदर्शन, उपद्रवियों ने हाईवे पर पत्थर बिखराए, 3300 के खिलाफ केस

राजस्थान में टीचर भर्ती में आरक्षण की मांग: 4 दिन से हिंसक प्रदर्शन, उपद्रवियों ने हाईवे पर पत्थर बिखराए, 3300 के खिलाफ केस
राजस्थान में शिक्षक भर्ती में अनारक्षित पदों को एसटी उम्मीदवारों से भरने की मांग को लेकर चौथे दिन भी हिंसक प्रदर्शन जारी है। उदयपुर के खेरवाड़ा में प्रदर्शनकारियों ने पहाड़ियों पर कब्जा जमा लिया है। वे यहां से सारी गतिविधियों पर नजर रखे हैं। शनिवार देर रात तक जयपुर से आए राज्य के बड़े अफसर स्थिति काबू करने में जुटे रहे। वहीं खेरवाड़ा में हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत की सूचना है। इस उपद्रव के लिए अभी तक 3300 लोगों पर केस दर्ज हो चुका है।
प्रदर्शनकारियों ने अभी भी उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे को बहाल नहीं होने दिया है। डूंगरपुर के पास दोवड़ा में तड़के 4 बजे कॉलोनी में खड़े एक पिकअप वाहन में आग लगा दी। इससे पहले देर रात कुछ उपद्रवी हाईवे के पास बनी श्रीनाथ कॉलोनी में घुसे और जमकर तोड़फोड़ की। कई घरों के शीशे तोड़ दिए गए। कार और बाइक को आग के हवाले कर दिया, जिससे रातभर लोगों में खौफ बना रहा। फिलहाल, यहां हथियारबंद 40 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

3300 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

तोड़फोड़, नेशनल हाईवे को बाधित करने, आगजनी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे 16 केसों में कुल 3300 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शनकारियों के सामने पुलिस और प्रशासन बेबस नजर आ रहा है। शुक्रवार को उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर प्रदर्शन अराजकता की हदें पार कर गया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे के 10 किमी तक के इलाके को कब्जे में ले लिया। दो दिन में करोड़ों की संपत्ति फूंक डाली। अब तक कई होटल और दुकानों में तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट की गई। डूंगरपुर में भी कई बाइकों को आग के हवाले कर दिया।

ऐसे समझें पूरा विवाद

प्रदर्शन करने वाले शिक्षक भर्ती के अनारक्षित 1167 पदों को एसटी वर्ग से भरने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर कांकरी डूंगरी पहाड़ी पर 17 दिन से प्रदर्शन चल रहा था। गुरुवार से ज्यादा बवाल शुरू हुआ। 12 अप्रैल 2018 को तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में सामान्य शिक्षा के 5431 पदों पर भर्ती निकली थी। एसटी को 45%, एससी को 5% और सामान्य वर्ग को 50% आरक्षण है। इस तरह सामान्य वर्ग के लिए 2721 पद थे। राजस्थान पात्रता परीक्षा शिक्षक के लिए (REET) में 60% से ज्यादा अंक वाले सामान्य वर्ग के 965 उम्मीदवार सिलेक्ट हुए। इन्हीं पदों पर REET में 60% से ज्यादा अंक वाले एसटी के 589 उम्मीदवारों का चयन हुआ। इस तरह सामान्य वर्ग से कुल 1554 पद भरे और 1167 पद खाली रह गए। प्रदर्शनकारी इन्हीं खाली पदों पर एसटी अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।