दुखद खबर: खार्किव में बमबारी में भारतीय छात्र नवीन कुमार की मौत

खाना लेने के लिए बाहर निकला था छात्र, विदेश मंत्रालय ने मृत्यु की पुष्टि की

दुखद खबर: खार्किव में बमबारी में भारतीय छात्र नवीन कुमार की मौत

मॉस्को/कीव। यूक्रेन एवं रूस के बीच जारी युद्ध का छठवां दिन है। यूक्रेन में स्थित इंडियन एंबेसी ने सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत कीव छोड़ने को कहा है। इसी बीच आज रूस ने पूर्वी यूक्रेन में हवाई हमला कर खार्किव सरकार के मुख्यालय को तबाह कर दिया। खार्किव में बमबारी में नवीन कुमार नाम के भारतीय छात्र की मौत हो गई है। कर्नाटक के रहने वाले नवीन खाना लेने के लिए निकले थे। विदेश मंत्रालय ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि खार्किव में बमबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई है। मंत्रालय छात्र के परिवार से बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि फॉरेन सेक्रेटरी रूस और यूक्रेन के एंबेसडर्स को कॉल करके खार्किव और दूसरे शहरों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकलने का रास्ता देने की मांग कर रहे हैं। वहीं रूसी हमले में कम से कम 70 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं। वहीं रूसी फोर्स ने कीव, खार्किव और चेर्निहाइव में अर्टलरी (तोपों) से हमले तेज कर दिए हैं और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे आम नागरिकों पर खतरा गहरा गया है।