ठंड का रुख तेज: मप्र व राजस्थान में बारिश, कई क्षेत्रों में माइनस पर पारा, कई इलाकों में बर्फबारी के आसार 

दिल्ली में सर्दी ने 15 साल, हरियाणा में 6 साल व पंजाब में 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

ठंड का रुख तेज: मप्र व राजस्थान में बारिश, कई क्षेत्रों में माइनस पर पारा, कई इलाकों में बर्फबारी के आसार 

मध्य प्रदेश और दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार को हल्की बारिश हुई। सर्दी रिकॉर्ड तोड़ रही है। लद्दाख के द्रास में तापमान माइनस 26 डिग्री और कश्मीर गुलमर्ग में माइनस 9 डिग्री पहुंच गया है। इन इलाकों में 4-5 जनवरी तक बर्फबारी के आसार हैं। दिल्ली में सर्दी ने 15 साल, हरियाणा में 6 साल और पंजाब में 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली में आज बारिश हुई है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी अगले कुछ दिनों में बारिश होने से तापमान और गिरने के आसार हैं। साल के पहले दिन दिल्ली के लोगों को जबरदस्त ठंड और कोहरे का सामना करना पड़ा। दिल्ली में तापमान 1.1 डिग्री तक गिर गया। ये पिछले 15 साल में सबसे कम है। इससे पहले आठ जनवरी 2006 को मिनिमम टेम्परेचर 0.2 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले साल जनवरी में 2.4 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार शीतलहर के आसार हैं। दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा भी रहेगा। कई इलाकों में शनिवार को बारिश भी हुई है। शनिवार को तापमान 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में आज हल्की बारिश हुई।  राजस्थान के माउंट आबू का तापमान माइनस से जीरो पर आ गया है, लेकिन चूरू में अभी माइनस में ही है। यहां पारा माइनस 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में 24 घंटे में मिनिमम तापमान 4.1 डिग्री बढ़कर बीती रात 8.7 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिन प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।

मध्य प्रदेश के भोपाल व ग्वालियर में हल्की बारिश हुई, ओले गिरने के आसार
मध्य प्रदेश के भोपाल व ग्वालियर में शनिवार को हल्की बारिश हुई, ग्वालियर-चंबल में ओले गिर सकते हैं। शनिवार-रविवार को मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव हो सकता है। शनिवार को झाबुआ, नीमच, संभाग में बारिश हो सकती है। रविवार को उज्जैन, इंदौर संभागों में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं। ठंड ने पंजाब में 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 1970 में 20 दिसंबर से 7 जनवरी के बीच पंजाब में रात का औसत पारा 2 डिग्री पर पहुंच गया था। इस बार भी पारा ऐसा ही रहा है, औसतन 2 डिग्री के करीब पहुंच रहा है। तब भी बठिंडा सबसे ठंडा था और इस बार भी -0.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा है। नए साल के पहले दिन हरियाणा में ठंड ने पिछले 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 8 डिग्री कम है। इससे पहले 6 जनवरी 2014 को यहां मिनिमम टेम्परेचर -2.1 डिग्री दर्ज किया गया था। हिसार देश के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा। वहां तापमान लगातार दो दिन माइनस में रहने का रिकॉर्ड 9 साल में टूटा है। इससे पहले 2011 में 25 और 26 दिसंबर को पारा माइनस में था।

बिहार में गया सबसे ठंडा, पहाड़ी बर्फीली हवाएं चलेंगी
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाएं पश्चिमी उत्तरप्रदेश तक पहुंच चुकी हैं। शनिवार शाम तक इनके बिहार पहुंचने की संभावना है, जिससे यहां के कई जिलों का पारा गिरेगा और ठंड बढ़ेगी। पिछले 24 घंटे में पटना और गया में रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। इससे ठंड बढ़ी है। 5.6 डिग्री के साथ गया सबसे ठंडा रहा। पटना में भी मिनिमम टेम्परेचर में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।