गर्मी का असरः कूलर की ठंडी हवा लेंगे वनराज, फव्वारों का आनंद उठाएंगे वन्यजीव 

चिड़ियाघर में वन्यजीवों को गर्मी से बचाने किए जा रहे खास इंतजाम

गर्मी का असरः  कूलर की ठंडी हवा लेंगे वनराज, फव्वारों का आनंद उठाएंगे वन्यजीव 

ग्वालियर। शहर में मौसम अब गर्म होने लगा है। दिन में जहां तेज धूप सताने लगी है, वहीं रात में भी गर्मी अपना असर दिखा रही है। तेज गर्मी के कारण वन्यजीव परेशान न हों, इसके लिए चिड़ियाघर में खास इंतजाम किए जा रहे  हैं। चिड़ियाघर में मौजूद पशु-पक्षियों को ठंडक दिलाने के लिए न केवल केज में कूलर और घास की टटिया लगाई जा रहीं हैं, बल्कि उनके खानपान में भी बदलाव किया जा रहा है। वहीं कुछ जगह ठंडक के लिए स्प्रिंकलर भी लगाए गए हैं। गर्मी में शरीर में पानी की कमी नहीं हो, इसके लिए पशुओं को तरल आहार भी दिया जा रहा है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर बड़े जानवर जैसे शेर आदि पर होता है, इसलिए वहां कूलर लगाने के साथ ही पानी के बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए चिड़ियाघर प्रबंधन खुले में घूमने वाले जानवरों के लिए पानी के स्प्रिंकलर लगवाए गए हैं। इससे निकली ठंडी फुहारों से जानवरों को स्वयं को शीतल रखने में मदद मिलती है।