नवरात्रि आज से शुरू : घट स्थापना के लिए 3 मुहूर्त, सर्वार्थसिद्धि और 3 राजयोग हैं

प्रॉपर्टी, वाहन व सुख-सुविधाओं के सामानों की खरीदारी करना शुभ रहेगा

नवरात्रि आज से शुरू : घट स्थापना के लिए 3 मुहूर्त, सर्वार्थसिद्धि और 3 राजयोग  हैं

शारदीय नवरात्रि आज यानी शनिवार से शुरू हो रही है, जो 25 अक्टूबर तक रहेगी। घट स्थापना के लिए दिनभर में 3 शुभ मुहूर्त हैं। नवरात्रि के पहले दिन सर्वार्थसिद्धि योग बन रहा है, जिसका शुभ प्रभाव देशभर में रहेगा। ज्योतिषियों के अनुसार इस पर्व के दौरान खरीदारी के लिए हर दिन शुभ मुहूर्त रहेंगे। 3 राजयोग में नवरात्र की शुरुआत हो रही है। सूर्य, चंद्रमा और शनि से बनने वाले इन शुभ योगों में नवरात्रि कलश स्थापना होना देश के लिए शुभ संकेत हैं। इस तरह ग्रहों की शुभ स्थिति से देश में फैली बीमारी से राहत मिलने की संभावना है। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि मजबूत होगी और देश उन्नति करेगा। इस नवरात्रि में नवमी तिथि 24 और 25 अक्टूबर, यानी दोनों दिन है। पंचांग भेद होने की वजह से देश के कुछ हिस्सों में दशहरा 25 को, तो कहीं 26 अक्टूबर को मनाया जाएगा। घट स्थापना करने से अच्छी सेहत, सौभाग्य एवं ऐश्वर्य बढ़ता है. 

देवी का आगमन घोड़े पर और प्रस्थान भैंसे पर होगा
इस बार देवी का आगमन घोड़े पर और प्रस्थान भैंसे पर होगा। इसका मिला-जुला फल देश की राजनीतिक स्थिति पर पड़ेगा, जिससे देश के कुछ हिस्सों में बड़े बदलाव हो सकते हैं। तुला संक्रांति में नवरात्र शुरू होने से अशुभ फल में कमी आ सकती है। नवरात्रि में रवियोग, त्रिपुष्कर और सर्वार्थसिद्धि जैसे शुभ संयोग बन रहे हैं। इनमें प्रॉपर्टी, व्हीकल और सुख-सुविधाओं के सामानों की खरीदारी करना शुभ रहेगा।