पलटती सियासतः वरिष्ठ नेता सरताज सिंह 2 साल बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में लौटे

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा से हो चुकी है मुलाकात

पलटती सियासतः वरिष्ठ नेता सरताज सिंह 2 साल बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में लौटे

मध्य प्रदेश में पलटी मारने की सियासत जारी है। अब पूर्व मंत्री सरताजसिंह फिर भाजपा के साथ हो गए हैं। दो दिन पहले उनकी मुलाकात बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से हो चुकी है। सिंह भोपाल के दशहरा मैदान में आयोजित बीजेपी के किसान सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की सहमति मिलने पर मेरी घर वापसी हो रही है। पिछले दिनों राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल प्रवास पर आए थे, तब सरताज सिंह ने उनसे सीएम हाउस में मुलाकात की थी। वे मध्यप्रदेश में सत्ता पलट के बाद ही स्पष्ट रूप से यह संकेत दे चुके थे और ज्योतिरादित्य सिंधिया की वकालत करने में भी कभी पीछे नहीं रहे। यह जानते हुए भी कि वे कांग्रेस में थे। सरताजसिंह मध्यप्रदेश के उपचुनाव खत्म होने का ही इंतजार कर रहे थे, यह बात उनके समर्थक भी बता चुके हैं। वर्ष 2018 के चुनाव में अपनी परंपरागत सीट सिवनी-मालवा से टिकट नहीं मिलने से वे भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे। यहां कांग्रेस ने उन्हें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और होशंगाबाद विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के सामने होशंगाबाद से लड़ाया था। हालांकि भाजपा में भारी भितरघात और गुटबाजी के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी सरताजसिंह यह चुनाव हार गए थे। इससे पहले भी अनौपचारिक चर्चा में सरताजसिंह चुनाव के मद्देनजर ‘वेट एन वॉच’ की बात मान चुके हैं, लेकिन यह कहकर बात को पलटते रहे हैं कि जो भी होगा, पता चल जाएगा।