मांगें पूरी नहीं हुईं तो कर्मचारी संघ करेगा बड़ा आंदोलन, मांगों को लेकर कर्मचारियों व श्रमिकों का प्रदर्शन शुरू 

प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आए कर्मचारी-श्रमिकों ने पुरानी पेंशन बहाली, नियमितीकरण, प्रमोशन सहित 58 मांगें शासन से कीं

मांगें पूरी नहीं हुईं तो कर्मचारी संघ करेगा बड़ा आंदोलन, मांगों को लेकर कर्मचारियों व श्रमिकों का प्रदर्शन शुरू 

भोपाल। मध्य प्रदेश के कर्मचारी-श्रमिकों ने पुरानी पेंशन बहाली, नियमितीकरण, प्रमोशन सहित 58 मांगों को लेकर सोमवार को राजधानी भोपाल में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी और श्रमिक शामिल हैं। यह प्रदर्शन भारतीय मजदूर संघ के बैनरतले किया जा रहा है। कर्मचारी-श्रमिक नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो बड़ा आंदोलन करेंगे। राजधानी स्थित पं. खुशीलाल शर्मा कॉलेज के पास कलियासोत ग्राउंड पर सुबह 10 बजे से धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया, जो दोपहर बाद तक जारी रहेगा। मजदूर संघ से जुड़े कई संगठन के पदाधिकारी-कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री मधुकर साबले और भोपाल विभाग प्रमुख कमलेश नागपुरे का कहना है कि संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, जून 2018 में इनके लिए बनाए गए नियम लागू करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी घोषित करने, आशा कार्यकर्ताओं का न्यूनतम वेतन हर महीने 10 हजार रुपए करने जैसी मांगें शामिल हैं। इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाल करने, मनरेगा में मजदूरी के दिन बढ़ाने आदि मांग भी है। लंबे समय से मांगें लंबित हैं। इसलिए भोपाल में प्रदेश स्तरीय आंदोलन शुरू किया गया है।