नूपुर शर्मा के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन, प्रयाग में पत्थरबाजी, PAC का ट्रक फूंका

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा से निष्कासित नेता नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, बंगाल के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक तक फूंक डाला। कर्नाटक में नूपुर का पुतला लटका दिया।

नूपुर शर्मा के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन, प्रयाग में पत्थरबाजी, PAC का ट्रक फूंका
नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे, जगह— जगह पथराव और फायरिंग की घटनाएं भी सामने आईं। चित्र कर्नाटक का है, जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यूपी के अलावा दूसरे राज्यों में भी प्रदर्शन का असर कैसा रहा।

10 जून 22। नूपुर शर्मा के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन हुए। इसका सबसे ज्यादा असर यूपी में देखने को मिला। यहां के आधा दर्जन शहरों में जुमे की नमाज के बाद एक संप्रदाय के लोग सड़कों पर आ गए और उग्र प्रदर्शन किया। कई जगह पथराव तो कई जगह अन्य तरह की हिंसक घटनाएं देखने को मिलीं।  उधर एक दिन पहले ही नूपुर सहित 33 लोगों के खिलाफ हेट स्पीच देने का मामला दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया है। मुंबई में भी उनके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने ही उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की है, क्योंकि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां मिल रही थीं।
जानें प्रदर्शन के नाम पर कहां क्या हुआ
-उत्तर प्रदेश: नूपुर की जुबान काटकर लाने वाले को एक करोड़ इनाम
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, सहारनपुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, उन्नाव, देवबंद समेत कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन हुए। सहारनपुर में तोड़फोड़ और प्रयागराज में पत्थरबाजी हुई। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक फूंक डाला। कई जगहों पर हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भीम आर्मी चीफ सतपाल तंवर ने नूपुर शर्मा की जुबान काटकर लाने वाले को एक करोड़ का इनाम देने का ऐलान किया।
-दिल्ली: शाही इमाम बोले- हम प्रदर्शनकारियों को नहीं जानते
दिल्ली में जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए करीब 1500 लोग जमा हुए थे। नमाज के बाद करीब 300 लोग बाहर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। जामा मस्जिद के शाही इमाम ने कहा कि हमारी तरफ से प्रोटेस्ट का कोई कॉल नहीं था। नमाजी नमाज पढ़कर बाहर निकले और अचानक प्रदर्शन करने लगे। हम नहीं जानते कि विरोध करने वाले कौन है। मुझे लगता है कि वे एआईएमआईएम के सदस्य हैं या ओवैसी के आदमी हैं।
-कर्नाटक: बेलगावी में नूपुर शर्मा का पुतला लटकाया
कर्नाटक के बेलगावी में शुक्रवार को फोर्ट रोड पर एक मस्जिद के पास बिजली के तार से भाजपा की नूपुर शर्मा का पुतला लटका मिला। उन्होंने कहा कि जैसे ही इस मुद्दे ने लोगों में आक्रोश पैदा किया, पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर इसे तुरंत हटा दिया।
-कश्मीर: श्रीनगर और कई अन्य जगहों पर प्रदर्शन
कश्मीर के श्रीनगर और कई अन्य शहरों में नूपुर शर्मा की टिप्पणी के खिलाफ नारेबाजी की गई। यहां भी प्रदर्शन नमाज के बाद ही शुरू हुए। कई पोस्टर भी दिखे, जिसमें पैगंबर मोहम्मद का अपमान करने वाले का सिर काटकर लाने की बात भी कही गई।
-बंगाल: कोलकाता में भी प्रदर्शन
कोलकाता और हावड़ा में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाला का बुरा हश्र करना चाहिए। भीड़ में शामिल लोगों ने दुकानों को बंद कराने को लेकर बवाल भी किया। जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले बरसाने पड़े।
-झारखंड: रांची में पुलिस पर पथराव, फायरिंग
रांची में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने मेन रोड पर प्रदर्शन किया। इस दौरान हंगामा और पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। मेन रोड स्थित इकरा मस्जिद से लेकर डेली मार्केट तक की दुकानें रहीं। इसके अलावा मुस्लिम बहुल इलाकों हिंदपीढ़ी, पुंदाग में भी दुकाने बंद रहीं।
-तेलंगाना: हैदराबाद में मक्का मस्जिद के बाहर प्रदर्शन
तेलंगाना में भी नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने बवाल काटा है। राजधानी हैदराबाद में मक्का मस्जिद के बाहर भाजपा की निलंबित नेता नुपुर शर्मा के विवादित बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। बाद में पुलिस ने बल प्रयोगकर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया। पुलिस बल और सीआरपीएफ इलाके में तैनात है।
-पंजाब: लुधियाना में इमाम की मांग पर प्रदर्शन

लुधियाना जामा मस्जिद के इमाम द्वारा पैगंबर का अनादर करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूरे पंजाब में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इस दौरान प्रदर्शन करने वालों ने नूपुर शर्मा का पुतला भी फूंका।