झुका जैसलमेर के सोनार दुर्ग का ध्वज: पूर्व महारावल ब्रजराज सिंह का 52 साल की उम्र में स्वर्गवास

पेट में तकलीफ होने के बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज

झुका जैसलमेर के सोनार दुर्ग का ध्वज: पूर्व महारावल ब्रजराज सिंह का 52 साल की उम्र में स्वर्गवास

सरहदी जैसलमेर रियासत के पूर्व महारावल ब्रजराज सिंह का सोमवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 52 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी व दो बेटे हैं। कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। पूर्व महारावल के निधन की सूचना आते ही जैसलमेर में शोक की लहर छा गई, साथ ही सोनार दुर्ग का ध्वज झुका दिया गया। पेट में तकलीफ होने पर कुछ दिन पूर्व ब्रजराज सिंह को जोधपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उनके लीवर में तकलीफ पाए जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली ले जाकर इलाज कराने की सलाह दी थी। इसके बाद एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। आज सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

पूर्व महारावल अपने पीछे पत्नी राजेश्वरी देवी और दो पुत्र छोड़ गए
52 वर्षीय पूर्व महारावल के परिवार में पत्नी राजेश्वरी देवी और दो पुत्र कुंवर चैतन्यराज सिंह भाटी और जनमेजयराज सिंह भाटी हैं। बृजराज सिंह का जन्म 31 नवंबर 1968 को जैसलमेर में हुआ। बृजराज सिंह की शादी 28 जनवरी 1993 को नेपाल के महाराजा सहदेव शमशेर जंग बहादुर की पुत्री राजेश्वरी देवी के साथ हुई थी। महारावल बृजराज सिंह के निधन का समाचार सुनते ही जैसलमेर के ऐतिहासिक सोनार दुर्ग के ध्वज को झुकाया गया। वहीं उनके निधन की खबर से जिलेभर में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर भी जैसलमेर वासियों की ओर से पूर्व महारावल बृजराज सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए दुख प्रकट किया जा रहा है।