मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरा नामांकन, ये ही होंगे कांग्रेस के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष

मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरा नामांकन, ये ही होंगे कांग्रेस के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन की आज लास्ट डेट है। मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने नामांकन दाखिल कर दिया है। मतदान 17 अक्टूबर को होगा और परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष बनने की रेस में पहले मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का नाम सबसे आगे था। लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर सबको चौंका दिया।

30 सितंबर 22। कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव (congress president election)के लिए नॉमिनेशन की प्रक्रिया आज शुक्रवार को पूरी हो गई। सबसे पहला पर्चा शशि थरूर(Shashi Tharoor) ने दाखिल किया। इसके बाद मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge)ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी की। खड़गे के साथ पार्टी के 30 बड़े नेता मौजूद रहे, जबकि शशि थरूर अलग-थलग दिखे। इन दोनों के अलावा, झारखंड कांग्रेस लीडर केएन त्रिपाठी ने भी नॉमिनेशन फाइल किया। इस दौरान कांग्रेस दफ्तर से जो तस्वीरें सामने आई, उससे खड़गे का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। 

ये नेता बने खड़गे के प्रस्तावक: एके एंटनी, अशोक गहलोत, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक, आनंद शर्मा, अभिषेक मनु सिंघवी,अजय माकन, भूपिंदर हुड्डा, दिग्विजय सिंह, तारिक अनवर, सलमान खुर्शीद, अखिलेश प्रसाद सिंह, दीपेंदर हुड्डा, नारायण सामी, वी वथिलिंगम, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, अविनाश पांडे, राजीव शुक्ला, नासिर हुसैन, मनीष तिवारी, रघुवीर सिंह मीणा, धीरज प्रसाद साहू, ताराचंद, पृथ्वीराज चौहान, कमलेश्वर पटेल, मूलचंद मीणा, डॉ. गुंजन, संजय कपूर और विनीत पुनिया।

खड़गे को गांधी परिवार का समर्थन! 
मल्लिकार्जुन खड़गे की जिस तरह से एंट्री हुई है, उससे एक बात तो साफ हो गई कि उन्हे गांधी परिवार (Gandhi family's support to Kharge)का समर्थन हासिल है। इस बात की पुष्टि इससे भी होती है कि उनके नामांकन पत्र दाखिल करने की खबर से ही सभी अन्य उम्मीदवारों के स्वर बदल गए। अध्यक्ष पद के लिए शशि थरुर को गांधी परिवार से इतना समर्थन मिलने की उम्मीद नहीं है इसकी सबसे बड़ी वजह थरूर का जी-23 में शामिल होना। वहीं, जानकारों के अनुसार,  हिन्दी भाषी क्षेत्रों में थरूर की कम लोकप्रियता भी बड़ी वजह बन सकती है। 

किसने क्या कहा

-राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। मल्लिकार्जुन खड़गे के अनुभव का लाभ पूरी कांग्रेस को मिलेगा।

-कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा- खड़गे साहब का बहुत सम्मान करता हूं। अगर कई लोग नामांकन दाखिल करेंगे तो अच्छी बात है और लोगों को भी विकल्प मिलेगा।

-दिग्विजय ने कहा, मैं कल खड़गेजी के घर गया और पूछा कि आप अगर नॉमिनेशन कर रहे हो तो मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। प्रेस के माध्यम से आज जानकारी मिली कि वे कैंडिडेट हैं। मैं आज फिर उनके घर गया और कहा कि आप वरिष्ठ नेता हैं, मैं आपके खिलाफ चुनाव लड़ने की बात सोच भी नहीं सकता। अब उनका इरादा चुनाव लड़ने का है तो मैं उनका प्रस्तावक बनना स्वीकार करता हूं।

-झारखंड कांग्रेस लीडर केएन त्रिपाठी भी अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन फाइल किया। उन्होंने कहा- सोनिया और राहुल ने किसी को चुनाव लड़ने को नहीं कहा और न ही रोका। देखते हैं कि पार्टी क्या चाहती है।