ननि चुनाव : संभागीय चयन समिति में सिंधिया खेमे का ग्वालियर में दबदबा

भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में टिकट के लिए भोपाल की दौड़ लगाने के बजाए चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों को अपने क्षेत्र में रहकर काम करने के लिए कहा है। सीएम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यालय में नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों को दिए गए बायोडाटा भी जिलों को भेजे गए हैं। जिला चयन समिति सभी दावेदारों के नाम की लिस्ट तैयार कर उनमें सबसे मजबूत और जिताऊ नाम तय करेगी। जिन वार्डों में ज्यादा विवाद की स्थिति बनेगी उस मामले का फैसला संभागीय चयन समिति करेगी।

ननि चुनाव : संभागीय चयन समिति में सिंधिया खेमे का ग्वालियर में दबदबा
नगर निगम चुनाव के लिए सबसे महत्वपूर्ण संभागीय चयन समिति में सिंधिया खेमे का ग्वालियर में दबदबा दिख रहा है। ग्वालियर नगर निगम में प्रत्याशी चयन के लिए बनाई गई समिति में सिंधिया समर्थक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को भी शामिल करना पड़ा है।

11 जून 22। मप्र में नगरीय निकाय चुनाव पर बीजेपी का पूरा फोकस है। नगर निगम चुनाव के लिए सबसे महत्वपूर्ण संभागीय चयन समिति में सिंधिया खेमे का ग्वालियर में दबदबा दिख रहा है। ग्वालियर नगर निगम में प्रत्याशी चयन के लिए बनाई गई समिति में सिंधिया समर्थक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को भी शामिल करना पड़ा है। ग्वालियर की संभागीय चयन समिति में विवेक शेजवलकर को संयोजक बनाया गया है। इसके साथ ही लाल सिंह आर्य के साथ सिंधिया खेमे से प्रद्युम्न सिंह तोमर को सह संयोजक बनाया गया है। इस समिति में यशोधरा राजे सिंधिया, केपी यादव, रणवीर रावत, वेदप्रकाश शर्मा, मुकेश चौधरी, अरविंद भदौरिया, शिवमंगल सिंह तोमर, जयसिंह कुशवाह, योगेश सक्सेना, दुर्गालाल विजय को सदस्य बनाया गया है। नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरोत्तम मिश्रा और जयभान सिंह पवैया को पदेन सदस्य बनाया गया है। प्रदेश में बनाई गई सात संभागीय चयन समितियों में सिर्फ ग्वालियर में ही दो सह संयोजक बनाए गए हैं।

यहां दो संभागों को मिलाकर एक समिति बनी

भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में सिर्फ एक नगर निगम होने के कारण दोनों संभागों की एक ही संभागीय चयन समिति बनाई गई है। रीवा, शहडोल में भी एक नगर निगम होने के चलते एक ही संभागीय चयन समिति बनाई गई है।

संभागीय चयन समिति में इन नेताओं को दिया जिम्मा

नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने संभागीय चयन समिति घोषित की है। इस समिति में संयोजक के साथ सह संयोजक, सहित करीब एक दर्जन सदस्य बनाए गए हैं। संभागीय चयन समितियों में विवेक शेजवलकर को ग्वालियर की संभागीय चयन समिति का संयोजक, लाल सिंह आर्य, प्रद्युम्न सिंह तोमर को सह संयोजक बनाया गया है। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह को सागर संभाग का संयोजक, बृजेन्द्र प्रताप सिंह को सह संयोजक, रीवा संभाग में राजेन्द्र शुक्ला संयोजक, कांतदेव सिंह सहसंयोजक, जबलपुर में ओमप्रकाश धुर्वे संयोजक, गौरीशंकर बिसेन सह संयोजक, भोपाल संभाग में हेमंत खंडेलवाल संयोजक, रामपाल सिंह सह संयोजक, इंदाैर में मधु वर्मा संयोजक, गजेन्द्र पटेल सह संयोजक, उज्जैन में जगदीश देवड़ा संयोजक, इंदर सिंह परमार को सह संयोजक बनाया गया है।

76 नगर पालिकाओं के प्रभारी भी किए नियुक्त

पार्टी की तरफ से प्रत्याशी चयन के लिए बीजेपी ने आज तीन समितियों की घोषणा की है। इनमें 76 नगर पालिकाओं के लिए संगठन की तरफ से प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही नगर पालिका और नगर परिषद के लिए पार्षद प्रत्याशियों के चयन के लिए जिला कोर कमेटी को ही जिला चयन समिति का काम सौंपा है। बीजेपी संगठन की ओर से जिलों के प्रभारियों को इस चयन समिति का संयोजक बनाया गया है।

चयन समिति के जिम्मे जिला कोर कमेटी का काम

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीड़ी शर्मा ने नगरीय निकाय के चुनाव के लिए जिला कोर कमेटी को ही चयन समिति घोषित किया है। भाजपा संगठन के जिला प्रभारी को चयन समिति का संयोजक बनाया गया है। ये समितियां ही पार्षदों के प्रत्याशियों का चयन करेंगी। 76 नगर पालिकाओं के प्रभारी घोषित किए हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने नगर पालिकाओं के प्रभारियों का दायित्व पूर्व विधायकों और पार्टी के सीनियर लीडर्स को सौंपा है। नगर पालिकाओं में पार्षदों के जरिए अध्यक्षों का चुनाव किया जाएगा इसलिए पार्षदों के प्रत्याशियों को लेकर भी इन नेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।