मध्यप्रदेश में पंचांग की भविष्यवाणी के हवाले से कांग्रेस सरकार बनाने का दावा

पंचांग में भविष्यवाणी की गई है कि कांग्रेस पहले से ज्यादा मजबूत होगी और इसका असर चुनाव पर दिखेगा

मध्यप्रदेश में पंचांग की भविष्यवाणी के हवाले से कांग्रेस सरकार बनाने का दावा

भोपाल। मध्यप्रदेश में पंचांग की भविष्यवाणी के हवाले से कांग्रेस सरकार बनाने का दावा कर रही है। पंचांग में भविष्यवाणी की गई है कि कांग्रेस पहले से ज्यादा मजबूत होगी और इसका असर चुनाव पर दिखेगा। जबलपुर के पं. बाबूलाल चतुर्वेदी ने अपने कैलेंडर में ये भविष्यवाणी की है। कांग्रेस का कहना है कि इसी पंचांग ने हिमाचल में भी कांग्रेस सरकार बनने की भविष्यवाणी की गई, जो सच साबित हुई।

जब PCC में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से इस भविष्यवाणी पर सवाल किया गया, तो उन्होंने सारे दावों की हवा निकाल दी। PCC (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) चीफ कमलनाथ ने कहा, मुझे किसी ज्योतिशी की आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। ये मुझे आप लोग ही आकर बताते हैं।

क्या लिखा है पंचांग में?

2023 के लिए जबलपुर से छपे पंचांग में लिखा है- 'वर्ष प्रारंभ से उत्तरार्ध तक का समय मुख्यमंत्री के लिए संकटकारी है। सरकार में बड़े परिवर्तन के योग हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने चर लग्न में शपथ ली है तथा राज्येश चंद्रमा छठे भाव में सूर्य के साथ होने के कारण उन्हें पूर्ण रूप से स्वतंत्र रूप से कार्य करने में कमी पैदा करता है। सरकार में आपसी सामंजस की कमी दिखाई देगी। सत्तारूढ़ पार्टी में आपसी मतभेद रहेगा। मंत्रिमंडल में परिवर्तन की संभावना है। कांग्रेस पार्टी पहले से अधिक सशक्त दिखाई देगी, जिसका असर चुनाव में दिखाई देगा।

सोशल मीडिया पर पंचांग के ऐसे ही कुछ ट्वीट्स -

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने ट्वीट कर पंचांग की कॉपी शेयर की। उन्होंने लिखा- जबलपुर से ज्योतिषाचार्य पं. बाबूलाल चतुर्वेदी द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर में मप्र में शिवराज सिंह चौहान की विदाई और कमलनाथ सरकार बनने की स्पष्ट भविष्यवाणी की गई है। हिमाचल को लेकर भी उनका पंचांग सही साबित हुआ था। नीरज वशिष्ठ (सीएम के ओएसडी) की पूजा और टोटके सब व्यर्थ जाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि BJP कभी नाटक-नौटंकी से बाज नहीं आएगी। BJP की विकास यात्रा को कमलनाथ ने फ्रॉड यात्रा कहा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में पीसीसी चीफ कमलनाथ आज महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, बाल कांग्रेस सहित सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक ले रहे हैं।

पूर्व सीएम ने कहा, मुझे मप्र के मतदाताओं पर पूरा भरोसा है कि वे सही फैसला करेंगे। बीजेपी को 18 साल का हिसाब देने के लिए विकास यात्रा निकालनी चाहिए। प्रशासन के बगैर इनका कोई कार्यक्रम नहीं हो सकता। भीड़ प्रशासन की, पैसा प्रशासन का और यात्रा प्रशासन की। सबसे कहेंगे कि इतनी भीड़ लेकर आओ, इतनी बसें लेकर आओ, फिर मीडिया में दिखाएंगे कि इतनी पब्लिक थी, लेकिन ये सब जनता समझ चुकी है।

कमलनाथ बोले- समय-समय पर हमारे संगठन में बदलाव होते हैं। हमारे हर स्तर पर संगठन के चुनाव हुए थे। हर जिले में डीआरओ, एआरओ गए थे। उन्होंने भी अपनी रिपोर्ट बनाई है। इस पर भी विचार किया जा रहा है। आज प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक ले रहा हूं। हमारे सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता अपने - अपने क्षेत्र में एक्टिव हैं। भोपाल में भीड़ जमा करने से कोई फायदा नहीं।

कमलनाथ: कांग्रेस के संगठनों और प्रकोष्ठों के कामकाज की समीक्षा -

कमलनाथ आज कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से संगठनों और प्रकोष्ठों के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं। जिलों में पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा पर भी चर्चा होगी। निष्क्रिय पदाधिकारियों की संगठन से छुट्‌टी भी हो सकती है।

कांग्रेस कमेटी की टीम का गठन -

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और नई प्रदेश कांग्रेस कमेटी की टीम के गठन पर भी आज की बैठक में चर्चा होगी। इस बैठक में कमलनाथ चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को पार्टी के अहम पदों से मुक्त होने के लिए भी कह सकते हैं। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने इस बैठक से पहले ही एक जिलाध्यक्ष 3 प्रदेश सचिवों सहित कुल 23 पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है।

नए अध्यक्षों की सूची पर चर्चा -

प्रदेश भर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के नए अध्यक्षों की सूची पर भी आज की बैठक में चर्चा हो सकती है। कमलनाथ ने साफ लहजे में कहा है कि यदि चुनाव जीतना है तो जिले से लेकर बूथ तक मजबूत और फुल टाइम वर्कर्स को ही पदाधिकारी बनाया जाए।