देश को 10 नवंबर को मिलेगी 5वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, इस रूट पर दौड़ेगी

देश को 10 नवंबर को मिलेगी 5वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, इस रूट पर दौड़ेगी
नयी वंदे भारत ट्रेन पहले की ट्रेन की तुलना में अधिक उन्नत और हल्की है तथा कम अवधि में तेज गति से चलने में सक्षम है। यह महज 52 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है।

14 अक्टूबर 22। भारतीय रेलवे की ओर से दीवाली बाद देशवासियों को एक और हाई स्पीड ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। देश को 10 नवंबर को 5वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिल जाएगी, जो स्पीड पकड़ने के मामले में जापान की बुलेट ट्रेन को भी टक्कर दे देती है। यह वंदे भारत ट्रेन चेन्नऊ, बेंगलुरु और मैसुरु को कनेक्ट करेगी। बता दें कि अब तक देश में चार वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं।

किन-किन रूट पर चलती है वंदे भारत

देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस वर्तमान में चार रूटों पर लॉन्च हो चुकी है। वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली-श्री वैष्णो देवी माता, कटरा, नई दिल्ली-वाराणसी, गांधीनगर से मुंबई और नई दिल्ली से अंदौरा स्टेशन बीच चल रही है। चौथी वंदे भारत ट्रेन हिमाचल प्रदेश के अंब अंदौरा स्टेशन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच चल रही है।

क्या है वंदे भारत ट्रेन की खासियत

जैसे-जैसे नई वंदे भारत ट्रेन लॉन्च हो रही है, उसमें बदलाव भी देखने को मिल रहे हैं। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पिछली 2 ट्रेनों के मुकाबले हल्की है और मात्र 52 सेकंड में 100 किमी की रफ्तार पकड़ सकती है। फिलहाल, सभी वंदे भारत ट्रेनें पूरी तरह से वातानुकुलित हैं और उनमें स्वचालित दरवाजे हैं। वंदे भारत ट्रेन के चेयर को 180 डिग्री तक रोटेट किया जा सकता है। ट्रेन में जीपीएस आधारित इंफॉर्मेशन सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, वैक्यूम टॉयलेट हैं। इसमें पावर बैकअप की भी व्यवस्था है। यह ट्रेन सुरक्षा कवच से लैस है। नई वंदे भारत एक्सप्रेस में 2 कोच ऐसे हैं, जिनसे पूरी ट्रेन पर नजर रखी जा सकेगी। सफर के दौरान यात्री खुद को सुरक्षित महसूस करें, इसका पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें पुश बटन स्टॉप की सुविधा भी दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में ट्रेन को एक बटन दबाकर रोका जा सकता है।