'मंद पड़ती अर्थव्यवस्था के बावजूद और धनवान हुए भारत के अमीर

फ़ोर्ब्स इंडिया ने आगे लिखा है, "लेकिन मौजूदा स्थिति से बेअसर रहते हुए और देश के शीर्ष सौ अमीरों का भाग्य चमकाते हुए शेयर बाज़ार ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं। उनकी साझा संपत्ति इस साल 25 फ़ीसदी से ज़्यादा बढ़कर 479 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई।"

'मंद पड़ती अर्थव्यवस्था के बावजूद और धनवान हुए भारत के अमीर
रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन मुकेश अंबानी।

रविवार। 'फोर्ब्स इंडिया' ने सौ सबसे अमीर भारतीयों की सूची जारी करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था पर भी टिप्पणियां की हैं।फोर्ब्स ने लिखा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ़्तार धीमी पड़ने के बावजूद भारत के टॉप-100 अमीरों की साझा संपत्ति में करीब एक चौथाई की बढ़ोतरी हुई है।फोर्ब्स इंडिया वेबसाइट ने शीर्षक दिया है, 'मंद पड़ती अर्थव्यवस्था के बावजूद और धनवान हुए भारत के अमीर।'

 'नोटबंदी और जीएसटी का असर'

 फोर्ब्स इंडिया पर इस सूची को जारी करते हुए लिखे गए लेख में भारत की अर्थव्यवस्था की रफ़्तार में गिरावट को नोटबंदी और जीएसटी की अनिश्चितता से जोड़ा है।

फ़ोर्ब्स इंडिया ने लिखा है, "बीते नवंबर में हुई नोटबंदी और देशव्यापी जीएसटी पर अनिश्चितता की वजह से जून में ख़त्म हुई तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था लड़खड़ाकर तीन साल के निचले स्तर 5.7 फीसदी पर खिसक गई।"

फ़ोर्ब्स इंडिया ने आगे लिखा है, "लेकिन मौजूदा स्थिति से बेअसर रहते हुए और देश के शीर्ष सौ अमीरों का भाग्य चमकाते हुए शेयर बाज़ार ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं। उनकी साझा संपत्ति इस साल 25 फ़ीसदी से ज़्यादा बढ़कर 479 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई।"

 एक लाख करोड़ बढ़ी मुकेश अंबानी की संपत्ति

 इस सूची में सबसे आगे रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन मुकेश अंबानी हैं.

उनके बारे में फोर्ब्स इंडिया ने लिखा है, "तेल और गैस टाइकून मुकेश अंबानी से ज़्यादा फायदा किसी को नहीं हुआ। अपनी संपत्ति में 15.3 बिलियन डॉलर (लगभग एक लाख करोड़ रुपये) जोड़कर वह पहले स्थान पर मजबूती से बने हुए हैं।"

मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति अब 38 बिलियन डॉलर यानी 2.47 लाख करोड़ रुपये हो गई है। दूसरे नंबर पर विप्रो के मालिक अज़ीम प्रेमजी हैं जिनकी संपत्ति मुकेश अंबानी से ठीक आधी यानी 19 बिलियन डॉलर (1.2 लाख करोड़ रुपये) है।

फोर्ब्स इंडिया मशहूर अमरीकी पत्रिका फोर्ब्स का भारतीय संस्करण है, जिसका मालिकाना हक़ भी मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस के पास ही है।

 'जियो का असर'

 फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक मुकेश अंबानी अब एशिया के शीर्ष पांच अमीरों में शामिल हो गए हैं। फोर्ब्स इंडिया ने इसे जियो का असर माना है।

इस लेख में उन्होंने लिखा है, "मुकेश अंबानी के रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के शेयर बेहतर मार्जिन और जियो के असर से उछले हैं।"

इस सूची में आठवें नंबर पर कुमार बिड़ला हैं। फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक, "इस साल बड़ा फायदा लेने वालों में आइडिया सेल्युलर के मालिक कुमार बिड़ला भी हैं, जिनकी कंपनी का वोडाफोन इंडिया में विलय हो गया।"

 एक बिलियन डॉलर से ज़्यादा बढ़े 27 अमीर

 फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक, "इस सूची में 27 लोग ऐसे हैं जो पिछले साल भी सूची में थे और जिनकी संपत्ति इस साल एक बिलियन डॉलर या इससे ज़्यादा बढ़ी है। "

यह सूची 15 सितंबर तक की शेयर कीमतों और एक्सचेंज दरों के आधार पर बनाई गई है।

सूची में मुकेश अंबानी के बाद दूसरे नंबर पर विप्रो के अज़ीम प्रेमजी, तीसरे पर अशोक लेलैंड के हिंदुजा बंधु, चौथे पर आर्सेलर मित्तल के लक्ष्मी मित्तल और पांचवें पर शपूरजी पैलनजी समूह के पैलनजी मिस्त्री हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ करीबी के लिए चर्चा में रहने वाले उद्योगपति गौतम अडानी इस सूची में 10वें नंबर पर हैं।

मुकेश अंबानी के भाई और रिलायंस कम्युनिकेशंस के मालिक अनिल अंबानी इस सूची में 45वें नंबर पर हैं।

 टॉप-20 में सबसे नौजवान अमीर आचार्य बालकृष्ण

 इस सूची में पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण 19वें नंबर पर हैं। 45 साल के बालकृष्ण शीर्ष-20 अमीरों में सबसे कम उम्र के उद्योगपति हैं। उनकी संपत्ति 6.55 बिलियन डॉलर है। सभी शीर्ष सौ अमीरों में वह चौथे नंबर के सबसे नौजवान उद्योगपति हैं।

इस सूची में सबसे नौजवान उद्योगपति हैं वीपीएस हेल्थकेयर के 40 साल के शमशीर वायालिल। केरल में जन्मे शमशीर ने अबू धाबी में बतौर रेडियोलॉजिस्ट अपना करियर शुरू किया था। उनकी कंपनी वीपीएस हेल्थकेयर संयुक्त अरब अमीरात, यूरोप, ओमान और भारत में काम करती है।

शीर्ष सौ में दूसरे सबसे कम उम्र के अमीर हैं इंडियाबुल्स ग्रुप के मालिक समीर गहलोत। उनकी उम्र 43 साल है।

उनके बाद मनिपाल ग्रुप के मालिक रंजन पई हैं, जिनकी उम्र 44 साल है।

चौथे नंबर पर आचार्य बालकृष्ण और पांचवें पर फायरस्टार डायमंड के मालिक नीरव मोदी हैं।

इस सूची में एल्केम लैबोरेट्रीज़ के मालिक सम्प्रदा सिंह सबसे बुज़ुर्ग उद्योगपति हैं। उनकी उम्र 91 वर्ष है और वह 43वें नंबर के अमीर हैं।