जोशीले अंदाज में मना गणतंत्र दिवस : राजपथ पर जवानों ने किया शौर्य प्रदर्शन, पीएम मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को दी  बधाई

अलग अंदाज में दिखे प्रधानमंत्री, उत्तराखंड का राजकीय पुष्प ब्रह्मकमल बना टोपी पहनकर कंधे पर डाली थी मणिपुरी शॉल

जोशीले अंदाज में मना  गणतंत्र दिवस : राजपथ पर जवानों ने किया शौर्य प्रदर्शन, पीएम मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को दी  बधाई

नई दिल्ली. पूरा देश आज 26 जनवरी को 73वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना रहा है। देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक राजपथ पर वार्षिक परेड में हमारे जवानों ने शौर्य का प्रदर्शन किया, जिसमें देश की सैन्य शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक झलक का नजारा अनूठा था। 75 विमानों और हेलीकॉप्टरों का फ्लाईपास्ट परेड का मुख्य आकर्षण रहा। दिल्ली के लाल परेड पर आयोजित समारोह में पहुंचने से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। राजपथ पर अलग अंदाज में पहुचे प्रधानमंत्री मोदी आकर्षण का केंद्र रहे, उनका ड्रेस उपस्थित दर्शकों को आकर्षित कर रहा था। उन्होंने उत्तराखंड की टोपी पहन रखी थी, जिस पर उत्तराखंड का राजकीय पुष्प ब्रह्मकमल बना हुआ था। पीएम मोदी ने मणिपुरी शॉल भी कंधे पर डाल रखी था।

प्रधानमंत्री ने 26 हजार शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद विजिटर बुक में किए हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल वॉर मेमोरियल में देश की रक्षा के लिए सैन्य ऑपरेशनों में शहीद हुए करीब 26000 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की, फिर विजिटर बुक में हस्ताक्षर किए। पीएम ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का हाथ जोड़कर स्वागत किया। इसके बाद ध्वजारोहण हुआ और राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय तिरंगे को 21 तोपों की सलामी दी गई और परेड की शुरुआत हुई।

एएसआई बाबू राम को मरणोपरांत मिला अशोक चक्र, शिवांगी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सलामी दी
ध्वजारोहण के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के एएसआई बाबू राम को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। पूंछ निवासी बाबू राम ने 29 अगस्त 2020 को श्रीनगर के पंथा चौक पर आतंकी हमले में घिरे लोगों को उनके घरों से सुरक्षित निकाला था और अपने जवान साथी को बचा लिया था। 3 आतंकियों को मारने के बाद शहीद हो गए। राजपथ पर नारी शक्ति की झलक दिखी, राफेल की एकमात्र महिला फाइटर शिवांगी सिंह ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सलामी दी। राजपथ पर देश की विविध संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए अलग-अलग राज्यों की झांकी भी प्रदर्शित की गई। 29 जनवरी को विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए एक ड्रोन शो की योजना बनाई गई है, जिसमें एक हजार स्वदेश निर्मित ड्रोन शामिल होंगे।